अमर उजाला ब्यूरो
जुलाना। जींद-रोहतक मार्ग पर गतौली एवं गोसाई खेड़ा के बीच मंदिर के पास पिस्तौल के बल पर मोटरसाइकिल पर सवार तीन बदमाशों ने टाटा गाड़ी में सवार गैस एजेंसी के कैशियर से 70 हजार रुपये लूट लिए। जब कैशियर ने बदमाशों का पीछा किया तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। फायरिंग में कैशियर बाल-बाल बच गया। गोली केंटर के शीशे में जा लगी। सूचना पाकर डीएसपी कप्तान सिंह व जुलाना थाना प्रभारी रोहताश सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पूनम एचपी गैस एजेंसी का कैशियर संदीप व चालक राज उर्फ राजेंद्र खाली सिलेंडरों से भरी केंटर में सवार होकर बुधवार करीब पांच बजे जुलाना से जींद जा रहे थे। जब वह जींद-रोहतक मार्ग पर गतौली व गोसाई खेड़ा गांव के बीच मंदिर के पास पहुंचे तो मोटरसाइकिल पर सवार तीन बदमाशों ने मोटरसाइकिल केंटर के आगे खड़ी कर दी। चालक ने केंटर को रोक दिया तभी बदमाशों ने पिस्तौल दिखाकर कैशियर से 70 हजार रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देकर जब बदमाश भागने लगे तो कैशियर ने बदमाशों का पीछा किया। बदमाशों ने कैशियर पर दो फायर कर दिए। इस फायरिंग में कैशियर बाल-बाल बच गया और गोली केंटर के शीशे को जा लगी। बदमाश वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। डीएसपी कप्तान सिंह एवं जुलाना थाना प्रभारी रोहताश सिंह सूचना पाकर घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मोटरसाइकिल पर सवार तीन बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही बदमाश पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
रोहताश सिंह, जुलाना थाना प्रभारी।