अमर उजाला ब्यूरो
जींद।
एससी समाज के लोगों ने बुधवार को फिल्म अभिनेता सलमान खान और अभिनेत्री शिल्पा सेट्ठी के द्वारा अभद्र टिप्पणी करने के विरोध में प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग की। शहर में प्रदर्शन करते हुए लघु सचिवालय सीटीएम सत्यवान मान को ज्ञापन सौंपा और कार्रवाई की मांग की। सीटीएम सत्यवान मान ने कहा कि इस मामले को लेकर पुलिस की तरफ से जांच रिपोर्ट आनी है, और उचित कार्रवाई की जाएगी।
एससी समाज के लोगों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर प्रशासन जल्दी ही कोई कार्रवाई नहीं की तो तीन जनवरी को आंदोलन की रूप रेखा तय की जाएगी। देशराज सरोहा, दीपक, विजय, अनिल, प्रीतम सिंह, जसवंत, जोगींद्र, चंद्रभान, प्रवीन कुमार, इंद्र अलेवा, मुकेश वाल्मीकि और गंगा सिंह ने बताया कि पिछले दिनों अभिनेता सलमान खान व शिल्पा सेट्ठी ने अनुसूचित जाति के बारे अभद्र शब्द का प्रयोग किया गया है, जो सोशल मीडिया में भी दिखाया जा रहा है। इससे एससी वर्ग के लोगों में भारी रोष है। बताया कि 19 दिसंबर को एसएसपी को शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आठ दिन बीत जाने के बाद भी अभी तक सलमान व शिल्पा सेठी के खिलाफ मामला दर्ज नहीं हुआ। अगर जल्द से जल्द प्रशासन दो अभिनेता के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की तो तीन जनवरी को आंदोलन की रूप रेखा तय की जाएगी।
सलमान खान का पुतला फूंका
नरवाना। वाल्मीकि समाज के लोगों ने बुधवार को शहर में प्रदर्शन करके फिल्म कलाकार सलमान खान का पुतला फूंका। वाल्मीकि समाज के अनेक चौक पर एकत्रित हुए और प्रदर्शन करते हुए अपौलो चौक पहुंचे। रास्ते में सलमान के खिलाफ गगनभेदी नारे लगाए। वाल्मीकि समाज के लोग पूर्व पार्षद विजय वाल्मीकि के नेतृत्व में वाल्मीकि चौक, पंजाबी चौक, भगत सिंह चौक होते हुए अपोलो चौक पहुंचे जहां सलमान खान का पुतला फूंका। टिंकू वाल्मीकि, अनिल अन्ना, विजय वाल्मीकि, संजय, गौरव, दीपक, संदीप, बंटी, गोलू ने बताया कि फिल्म टाइगर जिंदा के प्रमोशन के समय फिल्म अभिनेता सलमान खान ने उनके समाज को लेकर गलत कटाक्ष किया जिससे वाल्मीकि समाज में भारी रोष है। सलमान के इस तरह के शब्दों का प्रयोग करने समाज के लोगों में भारी रोष है। उन्होंने सरकार से सलमान खान की फिल्म टाइगर जिंदा है पर प्रतिबंध लगाने की मांग की। सलमान खान की टाइगर जिंदा है मूवी शुक्रवार को रिलीज हुई है जिसका समाज के लोग देशभर में बहिष्कार कर रहे हैं।