अमर उजाला ब्यूरो
जींद।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने रविवार को राहगीरी कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान मुख्यमंत्री साइकिल से निकले और पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाऊस से लेकर रानी तालाब तक रास्ते में आयोजित विभिन्न खेल कार्यक्रमों में शिरकत की। राहगीरी में स्कूली कलाकारों के साथ-साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कलाकारों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि वे हैप्पी हरियाणा देखना चाहते हैं। इसके तहत ही इस प्रकार के आयोजन किए जा रहे हैं।
राहगीरी कार्यक्रम तय शैड्यूल से करीब 20 मिनट देरी से शुरू हुआ। सुबह 6:22 बजे मुख्यमंत्री पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाऊस से निकले और गोहाना रोड से होते हुए मुख्य समारोह स्थल रानी तालाब तक पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री ने कहा कि राहगीरी से लोगों की सप्ताह भर की थकान उतारने की योजना बनाई है। उन्होंने कहा कि विकास के इंडेक्स के साथ-साथ अब समय आ गया है कि लोगों की खुशी के इंडेक्स की भी जांच हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम के होर्डिंग पर उन्होंने अपनी हंसते हुए की फोटो लगवाई है। मुख्यमंत्री खट्टर ने करीब 150 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की नींव रखी। इसके तहत चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय में तीन बड़ी विकास परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया। इनमें छत्रपति शिवाजी छात्रावास, भारत बोद्ध गैलरी तथा सुविधा केंद्र शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में तीन हजार युवा क्लब पंजीकृत हैं, लेकिन महज 700 ही कार्यशील हैं। युवा क्लबों को कार्यशील करना आज की जरूरत बन गया है, इसलिए युवा क्लबों में गांवों में समय-समय पर खेल, मनोरजंन व समाज उत्थान के लिए अन्य गतिविधियां करवाते रहना चाहिए। राहगीरी में प्रसिद्ध कलाकार हरविंद्र राणा और डॉ. जगबीर राठी ने भी प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान डॉ. जगबीर राठी ने अपने गीत ‘राजी-राजी रहा करो, हंसते हंसाते रहा करो’ व बोल तेरे मीठे-मीठे से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। जिस समय डॉ. जगबीर राठी अपनी प्रस्तुति दे रहे थे, माइक कई बार बंद हुआ। इस पर जगबीर राठी ने अपने जाने माने अंदाज में कहा कि ‘मुख्यमंत्री जी यह माइक वाला अपना नहीं है, विरोधी लागै सै।’ इसके बाद जब मुख्यमंत्री माइक पर आए तो उन्होंने स्टेंड वाले माइक से बोलना शुरू किया और कहा कि यह मकहमे का (सरकारी) है। यह ठीक चलेगा। शनिवार शाम को निकले रोड शो व राहगीरी के बाद मुख्यमंत्री काफी उत्साहित नजर आए। पत्रकारों से बातचीत करते हुए सीएम ने कहा कि जींद के लोग उन्हें काफी उत्साहित लग रहे हैं। इससे लगता है कि पांचों विधानसभा सीटों पर भाजपा की जीत होगी। मुख्यमंत्री ने लोगों से मिलने के लिए रोड शो और राहगीरी का आयोजन किया, लेकिन कड़े सुरक्षा घेरे में सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रखा। इस दौरान कुल 58 सुरक्षाकर्मी मुख्यमंत्री को हर पल घेरे रहे। वहीं मुख्यमंत्री के राहगीरी में शामिल होने के दौरान भी अर्बन एस्टेट में जाने वाले रास्ते बंद कर दिए गए। वहीं रानी तालाब पर पुरानी अनाज मंडी व मेन बाजार की ओर से आने वाले वाहनों को डाकघर वाली गली से डायवर्ट किया। इसके अलावा सफीदों गेट की ओर से आने वाले लोगों को सफीदों गेट के रास्ते निकाला गया। इससे लोगों को काफी परेशानी हुई। मुख्यमंत्री के रोड शो के दौरान एक जेबीटी शिक्षक मास्टर गोगल द्वारा चांदी की गदा से मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री का स्वागत करना चर्चा का विषय बना रहा। पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जींद में बनने वाले पॉलीटेक्निक कॉलेज को इंजीनियरिंग कॉलेज बनाया जाएगा। इसके लिए प्रक्रिया चल रही है। गौरतलब है कि तीन साल पहले मुख्यमंत्री ने जींद में सरकारी पॉलीटेक्निक कॉलेज की घोषणा की थी। इस पर काम शुरू नहीं हो पाया है। ऐसे में मुख्यमंत्री ने अब इसे इंजीनियरिंग कॉलेज बनाने की बात कही है। वहीं मुख्यमंत्री ने कहा कि जींद में बनने वाले मेडिकल कॉलेज के लिए अगले महीने टेंडर लग जाएगा और इसके बाद इस पर काम शुरू होगा।
नाश्ते पर सीएम ने मेधावी बच्चों संग किए अनुभव सांझे
जींद। 12वीं व 10वीं कक्षा में जींद जिले का नाम रोशन करने वाले सात बच्चों के साथ सीएम मनोहर लाल ने पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में नाश्ता किया। इस दौरान सीएम ने बच्चों की भविष्य की योजनाओं व अपने बारे में बताया। उन्होंने एक-एक बच्चे से जिंदगी में आगे बढ़ने व उनके सपने के बारे में पूछा। उन्होंने बच्चों से कहा कि यदि उन्हें पढ़ाई में किसी प्रकार की कोई परेशानी आए तो डीसी से मिल लेना। उन्होंने डीसी अमित खत्री को मौके पर बुलाकर बच्चों की पढ़ाई में किसी प्रकार की रुकावट नहीं आने देने के निर्देश दिए।
लगभग एक घंटे तक सीएम ने बच्चों के साथ समय बिताया। उनके साथ दसवीं कक्षा के प्रदेशभर में प्रथम स्थान हासिल करने वाले नवदुर्गा स्कूल के कार्तिक, गुरुकुल गैंडाखेड़ा की छात्रा तनुजा, एमडीएन सकूल के कशिश, एसडी कन्या स्कूल नरवाना की गुरमीत, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की निशु, आर्य स्कूल अहीरका की गर्विता व गांव जलालपुर कलां निवासी प्रीति शामिल रहे। सीएम ने कहा कि यदि हम लक्ष्य निर्धारित कर कड़ी मेहनत करते हैं तो निश्चित रूप से सफलता मिलती है। कोई भी विद्यार्थी अपनी मेहनत व प्रतिभा के बल पर विशेष पहचान बना सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इंजीनियरिंग, मेडिकल लाइन में काफी मुकाम हासिल किए जा सकते हैं। बच्चों के साथ बातचीत करते हुए सीएम मनोहर लाल ने कहा कि उनके पिता जी उनको पढ़ाना नहीं चाहते थे लेकिन उनकी माता की जिद के आगे उनके पिता जी को उन्हें पढ़ाना पड़ा। वे रोहतक जिले के 17 स्कूलों में दसवीं कक्षा में प्रथम स्थान पर रहे थे।