22जेएनडी42-दुर्जनपुर गांव के खेतों में लगी आग से उठता धुंआ। संवाद
उचाना। क्षेत्र के दुर्जनपुर गांव के खेतों में मंगलवार को लगी आग नचार खेड़ा, सुरबरा गांव के खेतों तक पहुंच गई। आग का धुआं आठ से दस किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। आग लगने की सूचना पाकर उचाना, नरवाना से दमकल विभाग की गाड़ी पहुंची। दमकल विभाग के कर्मी किसानों के साथ आग बुझाने में जुट गई है। आग पर काबू पाने के लिए आसपास के गांवों के लोग ट्रैक्टर और स्प्रे पंप लेकर मौके पर पहुंचे हैं। बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। ग्रामीणों के अनुसार करीब 80 एकड़ में फसल अवशेष और आठ एकड़ में खड़ी गेहूं आग की चपेट में आ गई। आग से ट्यूबवेल के सोलर पैनलों को भी नुकसान हुआ।
किसान सुरजीत दुर्जनपुर, रामबीर, बलबीर नचार, रमेश सुरबरा ने बताया कि दुर्जनपुर गांव के खेत में लगी आग देखते ही देखते तेजी से फैलने लगी। दो जगहों से आई दमकल विभाग की गाड़ियों व किसानों ने मिलकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। 80 एकड़ में फसल अवशेष जलकर राख हो गए तो आठ एकड़ के करीब में खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।