डीसी सहाब! आठ दिन काम करवाकर दे रहे हैं पांच दिन की मजदूरी
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। शामलों कलां गांव के एक स्कूल में मनरेगा के तहत चल रहे काम में हो रही गोलमाल की शिकायत को लेकर वीरवार को मजदूर डीसी कार्यालय पहुंच गए। मजदूरों ने मनरेगा के तहत हो रहे काम में गोलमाल करने के आरोप लगाए। उनके अनुसार आठ दिन काम करवाने के बाद दिहाड़ी पांच से छह दिन की कर दी गई है। बाकी खुद डकार जाते हैैं। मजदूरों ने कहा कि मस्ट्रोल पर तो आठ दिन की दिहाड़ी पर सभी मजदूरों के अंगूठे लगवा लिए और दिहाड़ी पांच या छह दिन की दे रहे हैं. बाकी दो से तीन दिन दिहाड़ी खुद डकार रहे हैं। इससे काफी परेशान है। इसके बाद डीसी डॉ. आदित्य दहिया से जांच की मांग की।
मजदूर राममेहर सिंह, जोगेंद्र, पवन, बिल्लों, प्रदीप, अजय, नवीन, नीलम, ममता, रेखा, कांता, संतोष, सूरभान व विनोद ने बताया कि गांव के स्कूल में चल रहे मनरेगा के तहत कार्य भारी गड़बड़ी चल रही है। मजदूरों से आठ दिन काम करवाते है और दिहाड़ी पांच से छह दिन की दे रहे हैं। मनरेगा के तहत काम करने वाले मजदूरों से समय अवधि से अधिक काम लिया जाता है और कुछ दिन काम करवाकर जेसीबी से काम करवाया जाता है। डीसी ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।