अमर उजाला ब्यूरो
जींद। आम आदमी पार्टी भी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की रैली का विरोध करेगी। इस बात का निर्णय यहां हुई आम आदमी पार्टी की बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला प्रधान राजकुमार पहल ने की।
पत्रकारों से बातचीत में पहल ने कहा कि अमित शाह अब तक दो बार जींद में आ चुके हैं। अब दूसरी बार भी उनका मकसद हरियाणा को जलाने का है लेकिन आम आदमी पार्टी ऐसा नहीं होने देगी। हरियाणा के लोग आपसी भाईचारे से रहते हैं लेकिन भाजपा ने प्रदेश की हवा में जातिवाद का जहर घोल दिया है। हलका प्रधान लक्ष्मीनारायण बंसल ने कहा कि भाजपा सत्ता में आने से पहले हरियाणा में 20 लाख रोजगार देने की बात कर रही थी लेकिन अब सत्ता में आने के बाद रोजगार की बजाए पकौड़े बेचने की सलाह दे रही है। आम आदमी पार्टी शाह से पूछेगी कि महिलाओं को सुरक्षा कब दी जाएगी, युवाओं को रोजगार कब मिलेंगे, स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट कब लागू होगी, बलात्कारियों को फांसी कब दी जाएगी, सीमा पर शहीद हो रहे जवानों के परिवारों को राष्ट्रीय परिवार का दर्जा कब मिलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की हमेशा फूट डालो राज करो की नीति रही है। आम आदमी पार्टी 15 फरवरी को काले पट्टे लगाकर शाह की रैली का विरोध करेगी। इस मौके पर मीडिया प्रभारी हरीश मित्तल, संगठन मंत्री करण सिंह, महिला अध्यक्ष कमला ढांडा, सतबीर सिंह, पाले राम, प्रवीण प्रजापति, अशोक, रमेश शामलो, जगत सिंह भी मौजूद रहे।