अमर उजाला ब्यूरो
सफीदों।
शहर की सभी मुख्य सड़कों पर लगी लाइट नहीं जलने पर एसडीएम ने नगरपालिका अधिकारियों से जवाब मांगा। नगरपालिका सचिव महावीर धानिया का जवाब सुन कर यहां मौजूद सभी लोग सन्न रह गए। सचिव ने कहा कि नगरपालिका के पास सीढ़ी नहीं है। इसके चलते लाइट को ठीक नहीं किया जा रहा है। इस पर एसडीएम ने आदेश दिए कि एक सप्ताह में लाइट ठीक होनी चाहिए। मंगलवार को शहर के वार्ड सात की सैनी धर्मशाला में वार्ड दो, तीन, सात, के निवासियों की जन समस्याओं के समाधान के लिए जनता दरबार का आयोजन किया गया। यहां लोगों ने 18 समस्याएं एसडीएम के सामने रखीं। लोगों ने गंदे पानी की निकासी, सीवरेज लाइन न होना, विधवा पेंशन, सफाई व्यवस्था, बीपीएल कार्ड तथा पीने के पानी की सप्लाई समय पर नहीं आने से संबंधित शिकायतें प्रस्तुत की। एसडीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को शिकायतों को जल्द से जल्द निपटान कर उनके सामने परिपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए।
छात्राएं बोली, सर बाहर पढ़ने की व्यवस्था की जाए
खुले दरबार के दौरान कुछ छात्राओं ने भी समस्या एसडीएम के समक्ष रखी। छात्राओं ने कहा कि सफीदों के कॉलेज में कई ऐसे कोर्स नहीं हैं, जो वे करना चाहती हैं। यदि निजी कॉलेज में एडमिशन लें तो परिवार के लोग इतना खर्च नहीं कर सकते। ऐसे में उनकी पढ़ाई की व्यवस्था की जाए। इस पर एसडीएम ने महिला विकास कार्यक्रम अधिकारी को उचित कार्रवाई के आदेश दिए।
सीढ़ी न होने से नहीं ठीक हो पा रही स्ट्रीट लाइट्स
शहर की सड़कों की लाइट्स खराब होने के सवाल पर नपा सचिव का बेतुका जवाब
सफीदों में एसडीएम ने खुले दरबार में कहा- एक सप्ताह में ठीक हों सभी लाइट