अलेवा। नगूरां बस स्टैंड के समीप नरवाल सीमेंट स्टोर की दुकान से सामान लेने के बहाने आए दो युवकों ने गल्ले से 63400 रुपये निकाल लिए। अलेवा थाना पुलिस ने दुकानदार की शिकायत पर दो युवकों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी।
चांदपुर निवासी पवन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने नगूरां बस स्टैंड के पास नरवाल सीमेंट स्टोर के नाम से दुकान है। 23 नवंबर सुबह लगभग साढ़े 11 बजे बाइक पर दो युवक दुकान पर आए। एक बाइक के साथ बाहर खड़ा रहा, जबकि दूसरा युवक दुकान के अंदर आ गया। उसने उसके पिता जयपाल से कुछ सामान मांगा। उसके पिता सामान लेने के लिए अंदर गए तो उस युवक ने मौके का फायदा उठाते हुए गल्ले से 63400 रुपये की नकदी को चोरी कर लिया। जब तक उसके पिता अंदर से सामान लेकर आते तो युवक वहां से फरार हो चुका था। चोरी की घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। अलेवा थाना पुलिस ने पवन की शिकायत पर दो अज्ञात युवकों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी।