एकलव्य स्टेडियम में युवक को मारी गोली, मौत
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। एकलव्य स्टेडियम में खड़े एक युवक पर चार मोटरसाइकिलों पर आए 10-12 युवकों ने डंडों से हमला कर दिया। इसके बाद एक ने युवक पर गोली चला दी जो उसकी छाती में जा लगी। जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। स्टेडियम में मौजूद अन्य युवकों ने घायल को नागरिक अस्पताल में पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। फिलहाल झगड़े के कारणों का पता नहीं चल पाया है और न ही मृतक के परिजनों ने बयान दर्ज करवाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने गोहाना रोड पर बाइक सवार दो युवकों का पीछा भी किया लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर गलियों से फरार होने में कामयाब हो गए।
अर्बन एस्टेट निवासी प्रत्यक्षदर्शी मृतक के भाई 17 वर्षीय लक्ष्य ने बताया कि वह शाम को साढ़े छह बजे एकलव्य स्टेडियम में प्रतिदिन की तरह खेलने गया था। उसे कुछ दूरी पर उसका बड़ा भाई 19 वर्षीय अक्षय व उसके साथ-साथ अन्य युवक खड़े दिखाई दिए। इसी समय चार बाइकों पर 10-12 युवक आए। उन्होंने बाइक खड़ी करते ही अपने हाथों में लिए डंडों से उसके भाई अक्षय पर वार करने शुरू कर दिए। लक्ष्य ने बताया कि वह अपने भाई को छुड़वाने के लिए दौड़ा तो आरोपियों ने उस पर भी डंडों से हमला कर दिया। इतनी ही देर में एक युवक ने उसके भाई को गोली मार दी। गोली मारते ही सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। लक्ष्य ने कहा कि उसने एक अन्य युवक की सहायता से उसके भाई को नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
12वीं के पेपर देने वाला था मृतक
लक्ष्य ने बताया कि वह 11वीं कक्षा में पढ़ता है। वे लोग पिछले 10-12 साल से जींद की अर्बन एस्टेट में रहते हैं। उनका मूल गांव हिसार जिले में सिसाय है। उसका भाई अक्षय ने अभी ओपन स्कूल से 12वीं कक्षा के फार्म भरे थे। अब वह पेपर देने वाला था। उसके पिता की कई वर्ष पहले मौत हो चुकी है।
पुलिस टीम ने किया बाइक सवार बदमाशों का पीछा
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। यहां पुलिस को एक बाइक पर दो युवक सवार दिखाई दिए। पुलिस ने युवकों का पीछा करना शुरू कर दिया। बाइक सवार युवकों ने गोहाना रोड से होते हुए अंदर कॉलोनी में बाइक दौड़ा दी। पुलिस ने भी युवकों का काफी पीछा किया लेकिन युवक पुलिस के हाथ नहीं लगे। शहर थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने कहा कि उन्होंने घरों की भी तलाशी ली लेकिन युवकों का कोई सुराग नहीं लगा।
फिलहाल आरोपियों ने युवक को गोली क्यों मारी इसकी कोई जानकारी नहीं मिली है। परिजनों ने अभी तक बयान भी दर्ज नहीं करवाए हैं। गोली मारने वाले कौन थे तथा उनकी मृतक युवक के साथ क्या रंजिश थी, इसका पता ब्यान दर्ज होने के बाद ही लगेगा। फिलहाल पुलिस आरोपियों के पीछे गई है। जल्द ही उन्हें काबू कर लिया जाएगा।
रामभज, डीएसपी, जींद।