फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छह महीने पहले हुई मीटिंग में आदेश देने के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई,

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

जींद। जिला परिवेदना समिति की मीटिंग में वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु काफी सख्त लहजे में दिखे। समिति की बैठकों में दिए गए आदेशों पर अमल नहीं करने पर उन्होंने दो मामलों में दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश डीसी अमित खत्री से मंगवाई। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि या तो आदेशों को गंभीरता से लें, अन्यथा एकाध को सस्पेंड करना पड़ेगा। वित्तमंत्री ने मीटिंग में माना कि अधिकारी लोगों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।
डीआरडीए हॉल में हुई परिवेदना समिति की मीटिंग में कुल 17 शिकायतें रखी गईं। इस दौरान बधाना गांव निवासी सतीश कुमार द्वारा गांव में अवैध कब्जों का मामला उठाया। इस पर पंचायत की तरफ से बताया गया कि कब्जे हटाने की प्रक्रिया जारी है। हालांकि गांव की फिरनी के मामले में अधिकारियों द्वारा दिए गए जवाब से मंत्री संतुष्ट नजर नहीं आए और जांच के आदेश दिए। वहीं पेगां गांव के जयपाल ने गांव में अवैध कब्जों की समस्या रखी। इस पर अलेवा के बीडीपीओ ने बताया कि यहां कब्जे हटवाकर तार लगाई जा रही हैं। इस पर फरियादी जयपाल ने कहा कि आज यह काम शुरू किया गया। मंत्री ने पूछा कि यह आदेश छह महीने पहले दिया गया था और सात दिन में काम पूरा करने की बात हुई तो अब मीटिंग से पहले लीपापोती क्यों की जा रही है। इस पर बीडीपीओ से कोई जवाब देते नहीं बना। ऐसे में मंत्री ने आदेश दिए कि इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश उन्हें भेजी जाए।
विज्ञापन

अधिकारी बोले- दूर कर दी समस्या, फरियादी ने किया मना
नरवाना उपमंडल के नहरा गांव के लोगों ने शिकायत दी कि सरपंच गलत तरीके से नाला बनवा रहा है। अधिकारी भी इसमें कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। इस पर डीडीपीओ ने सफाई दी तो फरियादी ने कहा कि अधिकारियों ने इस मामले को देखा तक नहीं। मीटिंग तय होने के बाद गांव में जाकर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। इस पर वित्तमंत्री ने कहा कि परिवेदना समिति की मीटिंग के आदेशों को हलके में लिया जा रहा है। उन्होंने डीसी अमित खत्री को आदेश दिए कि इस मामले भी डीसी अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए सिफारिश भेजें।
तालाब में किया मछली पालन, रिकवरी कर झाड़ा पल्ला
शिकायत नंबर दस में फरियादियों ने कहा कि नहरा गांव में एक व्यक्ति ने अवैध रूप से पशु तालाब में मछली पालन किया। यह सब सरपंच व अधिकारियों की मिलीभगत से हुआ है। इस पर डीडीपीओ ने कहा कि मछली पालन होशियार सिंह नामक व्यक्ति द्वारा किया गया था और उनसे 18 हजार रुपये रिकवरी कर ली गई है। इस पर वित्तमंत्री ने कहा कि यह कोई तरीका नहीं है। ऐसे कोई कैसे कर सकता है। इसमें सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि एक फैसला हो तो कई लोगों को सीख मिले। उन्होंने कहा कि फैसले के महत्व को समझें। वित्तमंत्री ने इस मामले में भी डीडीपीओ के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश करने के आदेश दिए।
वित्तमंत्री की बैठक के बाहर गेट पर लोगों ने किया हंगामा
जींद। मंगलवार को प्रदेश के वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु जिला परिवेदना समिति की बैठक लेने आए। जब मंत्री डीआरडीए हाल में बैठक ले रहे थे तो डीआरडीए के गेट के बाहर लोगों ने हंगामा किया। इन लोगों को रोकने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत उठानी पड़ी। दरअसल यह लोग वित्तमंत्री के सामने अपनी शिकायतें रखना चाह रहे थे लेकिन पुलिस ने लोगों को अंदर प्रवेश नहीं करने दिए। इस कारण लोगों ने गेट के बाहर ही सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। बैठक के बाद भी वित्तमंत्री इन लोगों की बात बिना सुने ही निकल गए।
अभिमन्यु जिला परिवेदना समिति की बैठक लेने के लिए सुबह लगभग पौने 11 बजे डीआरडीए पहुंचे। जैसे ही मंत्री की गाड़ी ने गेट में प्रवेश किया, पुलिस कर्मचारियों ने गेट को बंद कर दिया और किसी को भी अंदर नहीं आने दिया। गेट के बाहर सैकड़ों लोग अपनी शिकायतें लेकर जमा हो गए। यह लोग अपनी शिकायत वित्तमंत्री को देने की बात कह रहे थे लेकिन पुलिस कर्मचारियों ने किसी भी व्यक्ति को अंदर नहीं जाने दिया। अपराही मोहल्ला निवासी राजबाला ने कहा कि वह अपनी शिकायत लेकर पहुंची थी। काफी दिनों से उसके बीपीएल राशन कार्ड से उसके मृतक पति का नाम नहीं काटा जा रहा, वह कई बार चक्कर लगा चुकी है। वह राशन कार्ड अपने नाम करवाना चाहती है। इसी प्रकार ढाणी निवासी सुमन चार साल से अपना बीपीएल राशन कार्ड बनाने के लिए चक्कर काट रही है। अधिकारी उसका बीपीएल राशनकार्ड नहीं बना रहे हैं। सुमन ने कहा कि वित्तमंत्री को वह शिकायत देने के लिए आई थी लेकिन पुलिस कर्मचारियों ने उनको गेट के अंदर ही प्रवेश नहीं करने दिया। करेला निवासी रामस्वरूप तीन साल से गांव के गंदे पानी की निकासी नहीं होने से परेशान होकर चक्कर काट रहे हैं। वह शिकायत सीएम विंडो में भी लगा रहे हैं। राम कॉलोनी निवासी किरण भी अपनी शिकायत लेकर पिछले काफी दिनों से चक्कर काट रही है। ललित खेड़ा निवासी सुरेश को फसल बीमा योजना के तहत मुआवजा नहीं मिला है। उसके मुआवजे के 27185 रुपये पास हो चुके हैं, जिसको बैंक अधिकारी उसके खाते में नहीं डाल रहे हैं। सेक्टर-10 निवासी एक दंपति बार-बार सरकार को कोसते नजर आए। इस दंपति का प्लाट को लेकर काफी समय से झगड़ा चल रहा है। दंपति का आरोप है कि उनके 19 लाख रुपये किसी ने प्लाट दिलाने के बहाने ठग लिए हैं। दंपति ने कहा कि वे इस बारे में बार-बार चक्कर काट रहे हैं लेकिन कोई भी सुनवाई नहीं हो रही।
बैठक के बाद चेयरमैन सुनते हैं शिकायत
अब तक जितनी भी जिला परिवेदना समिति की बैठक हुई हैं उनमें चेयरमैन बैठक के अलावा भी आने वाले लोगों की शिकायतें सुनते हैं। जैसे ही समिति चेयरमैन बैठक के बाहर निकलते हैं तो काफी लोग उनको शिकायत देते हैं और वे सभी की शिकायतें सुनते हैं लेकिन इस बार वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु केवल जिला परिवेदना समिति की बैठक में आने वाली शिकायतों को सुनने के बाद सीधे निकल गए।
विज्ञापन

देश व प्रदेश में दोबारा बनेगी भाजपा की सरकार : कैप्टन
पत्रकारों से बातचीत करते हुए वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि लोकसभा में 300 और विधानसभा में 90 प्रशित सीटें जीत कर देश व प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हर आदमी के लिए विकास का काम किया है और इसके चलते ही उन्हें वोट मिलेंगी। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा के बारे में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि विपक्ष तिहाड़ जेल के मुहाने पर खड़ा है। वित्तमंत्री ने कहा कि हुड्डा ने मुख्यमंत्री रहते गलत तरीके से नौकरियां पक्की की। इस नीति में कई खामियां थी, जिसके चलते अदालत ने इसे रद्द कर दिया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें