किसान के बेटे ने वेटलिफ्टिंग में बंगलुरु में जीता गोल्ड मेडल
अमर उजाला ब्यूरो
जुलाना। 23 से 25 जनवरी तक बेंगलुरु में चल रही एशियन सीनियर नेशनल वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में शादीपुर गांव के किसान के बेटे दीपक लाठर ने गोल्ड मेडल जीता है। दीपक के गोल्ड मेडल जीतने पर क्षेत्र में खुशी का माहौल बना हुआ है।
दीपक लाठर ने 69 किलोग्राम भार वर्ग में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्नैच में 133 किलोग्राम तथा क्लीन एवं जर्क में 156 किलोग्राम सहित 289 किलोग्राम भार वर्ग उठाकर गोल्ड मेडल हासिल किया है। प्रतियोगिता में पश्चिम बंगाल के खिलाड़ी दूसरे तथा कर्नाटक के तीसरे स्थान पर रहे हैं। इससे पहले भी कई बार दीपक लाठर ने मेडल जीते हैं। दीपक के पिता बिजेंद्र खेतीबाड़ी करते हैं। बिजेंद्र ने बताया कि दीपक में बचपन से ही वेटलिफ्टिंग में सोना जीतने का जुनून था। इसके लिए उसने कड़ी मेहनत करके यह कर दिखाया। उम्मीद है कि दीपक आगे भी बेहतरीन प्रदर्शन कर मेडल बटोरता रहेगा।