20जेएनडी32: गोहाना रोड पर खुली कैमिस्ट की दुकान पर निरीक्षण करने पहुंची डीआई गीता गोयल। संवाद
जींद। जिले में केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के आह्वान पर केमिस्टों ने बुधवार को मांगों को लेकर हड़ताल की। सुबह से दोपहर तक जिले की करीब 60 प्रतिशत से अधिक मेडिकल दुकानें बंद रहीं। इससे आम नागरिकों को दवा खरीदने में कुछ हद तक परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि बाद में अधिकांश दुकानदारों ने दुकानें खोल दीं और सामान्य व्यवस्था धीरे-धीरे बहाल हो गई।
हड़ताल के दौरान निजी अस्पतालों, नागरिक अस्पताल के अंदर संचालित मेडिकल स्टोर और जन औषधि केंद्र खुले रहे। इन केंद्रों पर दवा लेने वालों की भीड़ लगी रही।
नागरिक अस्पताल के डिप्टी एमएस डॉ. राजेश भोला ने बताया कि मरीजों को किसी तरह की परेशानी न हो इसके लिए अतिरिक्त स्टाफ तैनात किया गया था। जन औषधि केंद्रों पर सस्ती दवाओं की मांग भी बढ़ी।
एसोसिएशन के प्रधान अरविंद जैन ने बताया कि यह बंद ऑल इंडिया स्तर की कॉल पर किया गया। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन फार्मेसी व्यवस्था से कैमिस्टों का कारोबार प्रभावित हो रहा है।
उनका आरोप है कि ऑनलाइन माध्यम से बिना उचित निगरानी के दवाइयों की बिक्री हो रही है और नशे की दवाएं भी बेची जा रही हैं। जिले में 1300 कैमिस्ट दुकानें हैं जिनमें से एक हजार दुकानदार हड़ताल में शामिल रहे।
20जेएनडी32: गोहाना रोड पर खुली कैमिस्ट की दुकान पर निरीक्षण करने पहुंची डीआई गीता गोयल। संवाद