फोटो 6 नरवाना। हरि झंडी दिखाकर बस को रवाना करते हुए। स्रोत संस्था।
नरवाना। फादर्स डे के अवसर पर स्व. लाला धर्मपाल सिंगला की स्मृति में अग्रवाल जन जागरण मंच रजि. के तत्वावधान में बनभौरी धाम के लिए 55वीं निशुल्क बस यात्रा त्रिवेणी चौक, हुड्डा मार्केट से रवाना की गई। बस को समाजसेवी एवं नरवाना वेलफेयर मंच के संयोजक हरचरण सरदार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
समाजसेवी कैलाश सिंगला ने सभी श्रद्धालुओं को फादर्स डे की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पिता जीवन के सबसे बड़े मार्गदर्शक होते हैं। उनके सम्मान और आदर्शों को हमेशा बनाए रखना चाहिए। उन्होंने बताया कि उनके दिवंगत पिता की इच्छा के अनुरूप यह सेवा वर्षों से निरंतर जारी है। माता रानी के दर्शन करवाना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है और बनभौरी धाम उनके परिवार का पैतृक धाम है।
रोहतास सिंगला ने बताया कि यह निशुल्क बस यात्रा प्रत्येक माह अमावस्या के बाद पहले रविवार को श्रद्धालुओं के पंजीकरण के आधार पर संचालित की जाती है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने माता रानी के जयकारे लगाए और भजनों का गुणगान किया। इस अवसर पर दीपक सिंगला, कृष्ण गर्ग, सतीश गर्ग सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।