गोदाम में चोरी कर रही दो महिलाओं को पकड़ा, एक फरार
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। रोहतक रोड स्थित दुकानदारों के गोदामों से पिछले कई दिनों से चोरी हो रहे सामान का पता लगाने के लिए दुकानदारों ने रात्रि में पहरा दिया। अल सुबह तीन बजे दुकानदारों ने चोरी करते हुए दो महिलाओं को पकड़ लिया, जबकि एक फरार हो गई। दुकानदारों ने महिलाओं को पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में गांव किशनपुरा निवासी मनजीत ने कहा कि उन्होंने रोहतक रोड पर क्रेन सर्विस व ट्रकों के पुराने सामान की दुकान की हुई है। यहां उसने गोदाम भी बनाया हुआ है। पिछले काफी दिनों से उनके गादामों से काफी सामान चोरी हो रहा था। इससे आसपास के दुकानदार काफी परेशान हो चुके थे। कई बार चोरों को पकड़ने के लिए उन्होंने रात्रि पहरा भी दिया, लेकिन हर बार चोर उनसे बच निकलते थे। मनजीत ने कहा कि रात को लगभग तीन बजे कई दुकानदारों ने अंधेरे में छिपकर पहरा दिया। सवा तीन बजे के आसपास तीन महिलाएं उसके गोदाम में घुसीं और काफी सामान उठा लिया। उन्होंने महिलाओं को काबू करने का प्रयास किया तो एक महिला मौका पाकर फरार हो गई, जबकि दो को पकड़ लिया गया। दुकानदारों ने पुलिस को भी मौके पर बुला लिया। पुलिस पूछताछ में महिलाओं ने अपनी पहचान बुढ़ा बाबा बस्ती निवासी मांडो व सुमन के रूप में बताई। भागने वाली महिला की पहचान भानी के रूप में हुई है। महिलाओं ने स्वीकार किया कि वे पहले भी यहां चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुकी है। उनकी तीन अन्य साथी सड़क पर ऑटो लेकर खड़ी होती हैं। तीन गोदाम से सामान निकाल लाती हैं और बाकी सामान को ऑटो में रखकर ले जाती हैं। पुलिस ने मांडो, सुमन व भानी को नामजद करते हुए तीन अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।