अमर उजाला ब्यूरो
जींद। चिकित्सकों के टोटे के कारण खुद बीमार चल रहे नागरिक अस्पताल में दो नए चिकित्सकों ने ज्वाइन कर लिया है। इससे कुछ राहत मिलने की उम्मीद नजर आ रही है। हरियाणा सरकार ने एक सप्ताह पहले जारी चिकित्सकों की ट्रांसफर लिस्ट में तीन चिकित्सकों को जींद भेजा है। इनमें से हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. संतलाल बैनिवाल व नेत्र रोग विशेषज्ञ के रूप में डॉ. विकास बंसल ने ज्वाइन कर लिया है।
नागरिक अस्पताल में 55 चिकित्सकों के पद स्वीकृत हैं। इनमें से 18 ही चिकित्सक अपनी सेवाएं दे रहे थे। तीन चिकित्सक लंबे समय से अनुपस्थित चल रहे हैं। नागरिक अस्पताल में प्रतिदिन लगभग एक हजार मरीज इलाज करवाने आते हैं। इतने मरीजों को देखने के लिए चिकित्सकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। केवल दंत विभाग में ही आराम से मरीज देखे जाते हैं बाकी विभागों में मरीजों को जल्दी-जल्दी देखा जाता है। इससे केवल खानापूर्ति ही कहा जा सकता है। नागरिक अस्पताल की फिजीशियन ओपीडी में इलाज की यह खानापूर्ति हर रोज होती है। प्रतिदिन इस विभाग में 600 के लगभग मरीज आते हैं। अस्पताल में कोई फिजीशियन मौजूद नहीं है। इस कारण दो एमबीबीएस डॉक्टर मरीजों का इलाज करते हैं। एक चिकित्सक 300 मरीजों को देखता है, इस कारण मरीज के साथ केवल खानापूर्ति ही होती है। इसके साथ-साथ अस्पताल में न तो स्किन स्पेशलिस्ट है और न ही हड्डी रोग विशेषज्ञ। इस कारण यहां आने वाले मरीजों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ता है। जरा सी हालत गंभीर होते ही यहां से मरीज को रेफर कर दिया जाता है।