समाज विशेष के लोगों पर कथित गाली देने का मामला
-सलमान और शिल्प पर लगाया था गाली देने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
जींद।
अभिनेता सलमान खान और अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी द्वारा अनुसूचित जाति समाज के बारे में कथित तौर पर अपमानजनक भाषा के प्रयोग की शिकायत पर एफआईआर दर्ज न होने पर राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने जींद के एसएसपी को नोटिस भेजा है। हालांकि एसएसपी के अनुसार उन्हें अभी तक नोटिस नहीं मिला है। नोटिस में आयोग ने इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं करने का कारण पूछा है।
दरअसल एडवोकेट कार्यकर्ता रजत कल्सन द्वारा इस मामले में मंगलवार को जींद के एसएसपी डॉ. अरुण सिंह को शिकायत दी थी। उन्होंने इसकी जांच डीएसपी को सौंप दी। इस पर एडवोकेट रजत कल्सन ने एफआईआर नहीं करने की शिकायत बुधवार को राष्ट्रीय अनुसूचित जाति के क्षेत्रीय कार्यालय चंडीगढ़ में की। इस पर एसएसपी को नोटिस भेजा गया है। एडवोकेट रजत कल्सन का कहना है कि अनुसूचित जाति अधिनियम के मामलों में जांच शुरू करने से पहले एफआईआर दर्ज करना जरूरी है। पुलिस ने ऐसा नहीं किया, ऐसे में आयोग के चंडीगढ़ क्षेत्रीय कार्यालय के निदेशक राज कुमार चनेना के एसएसपी जींद को नोटिस जारी कर रिपोर्ट मांगी है।
भेजा है नोटिस
मैंने वह वीडियो नहीं देखी है, जिसको आधार बनाकर शिकायत की गई है, लेकिन पुलिस द्वारा एफआईआर नहीं करने की शिकायत आयोग को मिली है। इसके आधार पर एसएसपी से दो सप्ताह में कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है।
राजकुमार, चनेना, क्षेत्रीय निदेशक, अनुसूचित जाति आयोग।
मार्क कर दिया है
शिकायत मिलने के बाद जांच के लिए डीएसपी को मार्क कर दी गई थी। अभी तक आयोग का कोई नोटिस नहीं मिला है। यदि आयोग कोई जानकारी मांगता है तो जरूर दी जाएगी। पुलिस इस मामले में जरूर उचित कार्रवाई करेगी।
डॉ. अरुण सिंह, एसएसपी।