अमर उजाला ब्यूरो
जींद। गुड्स एंड सर्विस टैक्स(जीएसटी) देश भर में लागू होने में 11 दिन शेष रह गए हैं। ऐसे में बाजारों में फैली अफवाह कारोबारियों और उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का सबब बनी है। जीएसटी के चक्कर में इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में भारी छूट की अफवाह पर ग्राहक बाजार में पहुंच तो रहे हैं, लेकिन यहां पुराने रेटों पर ही सामान मिल रहा है। ऐसे में उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है। अमर उजाला टीम ने बाजार में फैली अफवाह को लेकर सीधे इलेक्ट्रॉनिक्स व्यापारियों और ग्राहकों से बातचीत की सामने आया कि ऐसे कोई ऑफर नहीं हैं। व्यापारियों का कहना है कि बहुत महंगे और बहुत ही कम बिकने वाले उत्पादों पर 10 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है, लेकिन इसका जीएसटी से कोई सरोकार नहीं है। इलेक्ट्रॉनिक्स सामान पर भारी छूट की अफवाह से काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्राहक आते ही छूट के बारे में पूछते हैं। अमर उजाला टीम ने शहर के कई इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम पर जाकर पड़ताल की तो सामने आया कि भारी छूट होने की बात केवल अफवाह है।
नहीं दी जा रही छूट
बाजार में सोमवार को तेजी के साथ अफवाह फैली कि इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों पर भारी छूट मिल रही है। इससे ग्राहक और व्यापारी दोनों को काफी परेशानी हो रही है। ग्राहकों के फोन आ रहे हैं। -आनंद, इलेक्ट्रॉनिक व्यापारी।
बाजार में नहीं मिल रहे सस्ते आइटम
कई दिन से जीएसटी के कारण इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों पर भारी छूट की बात सुन रहे हैं। जब बाजार आए तो पता चला कि छूट नहीं है। इससे काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। -सुमन, ग्राहक
अलग-अलग छूट
बाजार में छूट और ऑफर हमेशा चलते हैं। महज 10 प्रतिशत उत्पादों पर 10-20 प्रतिशत की छूट है। यह उत्पाद बनाने वाली कंपनी की अपनी रणनीति के तहत है। बहुत भारी छूट नहीं है। -विकास, इलेक्ट्रॉनिक व्यापारी
पुराने उत्पाद पर है छूट
पुराने उत्पादों पर तो छूट है। लेकिन इतनी छूट नहीं है जितनी बाजार में अफवाह फैली है। जिन इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम पर पुराना स्टॉक बचा है, वही 10 से 15 प्रतिशत तक छूट दे रहा है। ऐसे में ग्राहक अफवाहों से सावधान रहें। -अशोक गुप्ता, इलेक्ट्रॉनिक व्यापारी।
इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों पर भारी छूट की अफवाह से ग्राहक, दुकानदार दोनों परेशान
इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों पर भारी छूट की अफवाह से बाजार पहुंचने पर मिल रही निराशा
जीएसटी लागू होने से पहले बाजार में बढ़ी हलचल, अफवाहों से बाजार में उमड़ रहे ग्राहक
दुकानदार बोले- पुराने रेट पर ही बिक रहा सामान