संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय (सीआरएसयू) के प्लेसमेंट सेल इंचार्ज एसोसिएट प्रोफेसर अनुपम भाटिया से अज्ञात व्यक्ति ने व्हाट्सएप कॉल कर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी है। राशि नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रंगदारी मांगने के आरोप समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय में एसोसिएट प्रोफेसर अर्बन एस्टेट निवासी अनुपम भाटिया ने सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि वह विश्वविद्यालय में प्लेसमेंट सेल के नोडल ऑफिसर भी हैं। शनिवार शाम को उसके व्हाट्सएप नंबर पर कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी। रंगदारी न देने पर उसने जान से मारने की धमकी दी। अनुपम भाटिया ने बताया कि फिलहाल उनकी किसी के साथ कोई रंजिश नहीं है। व्हाट्सएप कॉल पर रंगदारी मांगने और धमकी मिलने के बाद उन्होंनेे पुलिस को शिकायत की है। इसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बॉक्स
जुलाना, जींद और नरवाना में भी मांगी जा चुकी है रंगदारी
पिछले दिनों जुलाना में एक जूता व्यापारी, एक मिष्ठान भंडार संचालक और होटल संचालक से भी रंगदारी मांगी गई थी। होटल मालिक से 50 लाख की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने गांव ढिगाना निवासी सचिन, गांव मोहाना, सोनीपत निवासी प्रवीण तथा एक नाबालिग को काबू किया था। वहीं जुलाना निवासी बलराम से भी दो करोड़ की रंगदारी मांगने का मामला फर्जी पाया गया था। पुलिस जांच में यह मामला रंगदारी का न होकर आपसी लेनदेन का मिला। वहीं जुलाना पुलिस ने जूता व्यापारी से रंगदारी मांगने के आरोपियों को भी काबू किया था। इसके अलावा जींद में ढांडा खाप के प्रधान देवव्रत ढांडा तथा नरवाना में भी एक आढ़ती से भी रंगदारी मांगी गई थी। पुलिस ने सभी मामलों में त्वरित कार्रवाई कर मामलों को सुलझा लिया था।
वर्जन
रंगदारी के मामलों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अपराधियों को जेल भेजने का काम किया है। आमजन किसी भी अपराधी से घबराएं नहीं और इस तरह की सूचना तत्काल पुलिस को दें। कार्रवाई की जाएगी।-सुमित कुमार, एसपी।