जींद। एचएसआईआईडीसी के मैनेजर को क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर 45301 रुपये की ठगी करने के आरोप में साइबर थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है। साइबर पुलिस थाना को दी शिकायत में बुढ़ाखेड़ा लाठर गांव निवासी मनीष ने कहा कि वह एचएसआईआईडीसी विभाग नरवाना में बतौर मैनेजर ई-स्टेट के पद पर कार्यरत है। 25 सितंबर 2023 को शाम सात बजे के बाद उसके पास एसबीआई क्रेडिट कार्ड के टोल फ्री नंबर से फोन आया कि आपके क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाई जा रही है। इसके लिए आपके पास एक ओटीपी आएगा। फोन पर उसने ओटीपी बता दिया, जिसके बाद उसके कार्ड से 45301 रुपये की ट्रांजेक्शन हो गई। इस संबंध में उसने साइबर क्राइम के हेल्पलाइन नंबर 1930 पर फोन करके शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मैनेजर की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की है।