आतंकवाद के खिलाफ आज दौड़ेंगे लोग, सीएम दिखाएंगे हरी झंडी
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। आतंकवाद के खिलाफ शनिवार को होने वाली जींद मैराथन को मुख्यमंत्री मनोहर लाल झंडी दिखाकर शुरू करेंगे। मैराथन के संयोजक एडीजीपी ओपी सिंह का दावा है कि कार्यक्रम में 60 हजार से अधिक लोग शामिल होंगे। इसके लिए सभी इंतजाम कर लिए गए हैं। सफीदों रोड स्थित एकलव्य स्टेडियम से सुबह सात बजे शुरू होने वाली मैराथन को लेकर खास इंतजाम किए गए हैं।
एडीजीपी ने बताया कि मैराथन में जींद ही नहीं बल्कि देशभर से लोग शामिल होंगे। इतना ही नहीं कनाडा के दंपती के अलावा अन्य देशों से भी लोग भाग लेेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री युवाओं को दौड़ के लिए अपना संदेश भी देंगे। साथ ही मैराथन में लोगों का हौसला बढ़ाने के लिए प्रदेश के जाने माने कलाकार प्रस्तुतियां देंगे। मैराथन में पांच किलोमीटर दौड़ लगाने वाले धावक एकलव्य स्टेडियम से निर्जन गांव तक दौड़ने के बाद वापस पहुंचेंगे। इसी प्रकार 11 किलोमीटर के धावक मनोहरपुर गांव तक दौड़ कर वापस आएंगे। 21 किलोमीटर तक के धावक तलोडा खेड़ी तक साढ़े 11 किलोमीटर तक दौड़ लगाएंगे। वहीं 42 किलोमीटर तक के धावक रजाना गांव तक 21 किलोमीटर तक दौड़ कर वापस एकलव्य स्टेडियम पहुंचेंगे।