पिस्तौल के बल पर पेट्रोल पंप कारिंदे से पैसे लूटने के चारों आरोपी गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। पचास रुपये का पेट्रोल भराकर कारिंदे से लगभग सात हजार रुपये लूटने के आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गांव बराह खुर्द स्थित जयहिंद फिलिंग स्टेशन से 11 फरवरी रात साढ़े आठ बजे पेट्रोल पंप के कर्मचारी से हुई लूट में सदर थाना पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों से एक अवैध पिस्तौल, एक तलवार तथा वारदात में प्रयोग की गई मोटरसाइकिल को बरामद किया है। पुलिस ने चारों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें एक दिन के रिमांड पर भेज दिया है।
गांव मेहरड़ा निवासी दलबीर सिंह ने 11 फरवरी को पुलिस शिकायत दी थी कि वह गांव बराह खुर्द के पास जयहिंद फिलिंग स्टेशन के नाम से पेट्रोल पंप चलाता है। रात को लगभग साढ़े आठ बजे वह खुद भी पेट्रोल पंप पर मौजूद था। उसके तीन कारिंदे पेट्रोल पंप पर काम कर रहे थे। टीवीएस मोटरसाइकिल पर मुंह पर रुमाल बाधकर आए और 50 रुपये का पेट्रोल डलवाया। पेट्रोल डालने वाले कारिंदे को 200 रुपये का नोट दे दिया। जब कारिंदा बाकी के पैसे लौटाने लगा तो दो युवकों ने पिस्तौल तान दी। दो अन्य युवकों ने भी अपने पास से चाकू निकाल लिए। चारों युवकों ने 6776 रुपये छीन लिए। सदर थाना पुलिस ने चार अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से युवकों का पता लगाने का प्रयास कर रही थी।
कच्चा बाईपास रोड नया बस स्टैंड के पास से पकड़े गए आरोपी
मामले के जांच अधिकारी एएसआई भगवत दयाल ने कहा कि शनिवार शाम को पुलिस को सूचना मिली कि चार युवक पिंडारा के पास कच्चा बाईपास रोड पर वाहनों को लूटने की योजना बना रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चारों युवकों को काबू कर लिया। इनके कब्जे से एक अवैध पिस्तौल, एक तलवार तथा एक टीवीएस बाइक बरामद हुई। इन युवकों ने अपनी पहचान राम कॉलोनी निवासी सूरज, रोबिन, विकास तथा सागर के रुप में बताई। पुलिस ने जब इनसे सख्ती से पूछताछ की तो चारों ने बराह खुर्द के पास जयहिंद फिलिंग स्टेशन से लूटपाट की घटना को भी स्वीकार किया। इसके बाद चारों को रविवार को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने चारों को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। जांच अधिकारी ने कहा कि रिमांड के दौरान युवकों से पैसे बरामद किए जाएंगे तथा यह भी पता किया जाएगा कि इन युवकों का और किन-किन वारदातों में हाथ है।