सोशल मीडिया पर नपा प्रधान को विधायक का शिलान्यास पत्थर उठाए दिखाकर बताया बाहुबली
अमर उजाला ब्यूरो
सफीदों। विधायक जसबीर के शिलान्यास का पत्थर उखाड़ने का मामला बुधवार को सोशल मीडिया पर छाया रहा। बुधवार को एक पोस्टर वायरल किया गया, जिसमें नपा प्रधान सेवाराम सैनी को बाहुबली के रूप में दिखाया गया। उसमें नपा प्रधान को विधायक द्वारा किए गए शिलान्यास के पत्थर को उठाए हुए दिखाया गया है। ऐसे में यह पोस्टर सफीदों के व्हाट्सएप ग्रुपों में तेजी से वायरल हो रहा है। शिलान्यास पत्थर तोड़ने पर सफीदों नगरपालिका में राजनीतिक जंग अभी भी जारी है।
विधायक जसबीर देशवाल द्वारा गंदे नाले के निर्माण का शिलान्यास किया गया था। जिसे शिलान्यास के ढाई घंटे बाद ही किसी ने उखाड़ दिया। ऐसा करने वाले ने नपा प्रधान और अधिकारियों के बीच फूट डाल दी। बुधवार को नपा प्रधान सेवाराम सैनी ने प्रेस वार्ता कर नगरपालिका के कुछ अधिकारियों व कर्मचारियों पर ड्यूटी से नदारद रहने के भी आरोप लगाए। प्रधान ने कहा कि मुख्य अधिकारियों के नहीं आने के कारण नगरपालिका के विकास कार्यों में देरी पर देरी हो रही है। उन्होंने कहा कि नगरपालिका में करोड़ों रुपये पड़े हैं, लेकिन अधिकारियों की लापरवाही के कारण वे समय पर नहीं लग पा रहे हैं।
सेवाराम सैनी ने कहा कि वे जल्द ही पार्षदों के साथ इस मामले में समय लेकर मुख्यमंत्री से मुलाकात की जाएगी और नगरपालिका के बेलगाम अधिकारियों के खिलाफ शिकायत करेंगे।
पुलिस ने नगर पालिका सचिव पंकज जून द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज करके जांच की थी। जांच में फिलहाल कोई भी सरकारी संपत्ति के नुकसान का सबूत नहीं मिला है। साथ ही वह नपा प्रधान की शिकायत व कालोनी वासियों की शिकायत पर भी जांच कर रहे हैं।
अजीत सिंह शेखावत, एएसपी।