ओपन जिम नहीं बनाने पर सांसद दुष्यंत ने दो अधिकारियों पर एफआईआर के दिए आदेश
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। वीरवार को लघु सचिवालय में विकास एवं निगरानी समिति की मीटिंग हुई। जिसमें सांसद रमेश कौशिक, सांसद दुष्यंत चौटाला, विधायक परमेंद्र ढुल व अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान सांसद दुष्यंत चौटाला ने उचाना के लाला लाजपत राय पार्क में लगने वाले ओपन जिम का सामान नौ माह बाद भी नहीं लगने पर नाराजगी जताई और जिला खेल अधिकारी विनोद बाला और उचाना नगरपालिका के सचिव के खिलाफ एफआईआर करवाने के आदेश दिए। हालांकि जिला खेल अधिकारी विनोद बाला मीटिंग में नहीं थीं, लेकिन जब यह मामला आया और उन्हें फोन पर सूचित किया तो उन्होंने कहा कि वे हिसार में हैं। इसके बाद जब सांसद ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने के आदेश दिए तो वह महज सात मिनट में ही मीटिंग में पहुंच गईं।
जिला निगरानी समिति की मीटिंग में सांसद दुष्यंत चौटाला आक्रामक नजर आए। उन्होंने न केवल अधिकारियों की क्लास लगाई, बल्कि ग्रांट का सदुपयोग नहीं करने पर जिला खेल अधिकारी विनोद बाला व उचाना नगर पालिका सचिव महावीर सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दे दिए। गौरतलब है कि करीब चार साल पहले उचाना नगर पालिका ने मीटिंग कर करीब एक एकड़ में लाला लाजपत राय के नाम से पार्क बनाने का प्रस्ताव पास किया था। इस पर सांसद दुष्यंत चौटाला ने जनवरी में इसके लिए ढाई लाख रुपये स्वीकृत किए। इस राशि से पार्क में ओपन जिम लगाया जाना था। जिम का सामान जिला खेल अधिकारी द्वारा खरीदा जाना था, जो करीब दो महीने पहले लिया गया है, लेकिन अब उचाना नगर पालिका इस जमीन पर पार्क के बजाय पालिका का नया कार्यालय बनाना चाहती है। इसके लिए टेंडर भी हो चुका है।
सांसद का आरोप है कि इस राशि का सदुपयोग नहीं हो पाया है। यह अधिकारियों की लापरवाही से हुआ है। ऐसे में सांसद निधि कोष से ढाई लाख रुपये बर्बाद हो गए हैं। ऐसे में उन्होंने दोनों अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने के आदेश दिए हैं।
भवन के कागज नहीं दिखा सके सचिव
मीटिंग के दौरान जब सांसद दुष्यंत चौटाला ने पूछा कि उनके द्वारा तीन जनवरी 2018 को लाला लाजपत राय पार्क में ओपन जिम के लिए ढाई लाख रुपये की राशि जारी की थी, आज तक जिम क्यों नहीं लगा। इस पर नगर पालिका सचिव ने कहा कि इस जमीन पर पालिका का भवन प्रस्तावित है। इस पर सांसद ने भवन के कागज दिखाने को कहा तो सचिव महावीर सिंह दस्तावेज नहीं दिखा पाए। मामला बिगड़ता देख नगर पालिका सचिव ने जिला खेल अधिकारी के पाले में गेंद डाल दी और कहा कि खेल अधिकारी आज हिसार हैं और उनके आने के बाद स्टेटस पता कर बता दिया जाएगा। सांसद दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जिला खेल अधिकारी एवं नगर पालिका सचिव राजनीतिक दबाव के चलते उस पार्क में जिम नहीं लगवाना चाहते। सांसद दुष्यंत चौटाला ने वहीं मौके पर ही डीएसपी को बुलाया और दोनों अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की लिखित में शिकायत दी।
किसान क्रेडिट कार्ड के नाम से बुढ़ापा पेंशन काट रहे हैं बैंक
सांसद दुष्यंत चौटाला ने कहा कि उनके पास शिकायत आई है कि छात्तर व डाहौला गांव में बैंक किसान क्रेडिट कार्ड की बकाया राशि की एवज में बुजुर्गों की पेंशन काट रहे हैं। सांसद के अनुसार प्रशासन ने इस बात को स्वीकारा है। इस पर उन्होंने आदेश दिए कि पेंशन नहीं काटी जाए, यदि भविष्य में इस प्रकार का मामला तो है तो कड़ा संज्ञान लिया जाएगा।
बाढ़ से निपटने में प्रशासन नाकाम
मीटिंग के दौरान सांसद दुष्यंत चौटाला ने सफीदों, जुलाना, अलेवा व पिल्लूखेड़ा क्षेत्र में बनी बाढ़ की स्थिति से निपटने की रिपोर्ट मांगी। इस पर प्रशासन ने कहा कि अतिरिक्त पंपसेट मंगवाए गए हैं। सांसद ने कहा कि समय पर ड्रेनों की सफाई नहीं होने के कारण ऐसे हालात बने हैं।
बीरेंद्र सिंह का बयान निंदनीय
इस दौरान सांसद दुष्यंत चौटाला ने कहा कि सैनिकों की शहादत पर केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह द्वारा दिया गया बयान निंदनीय है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना में दसवां हिस्सा हरियाणा के युवाओं का है। जिन युवाओं ने दुश्मनों से लोहा लेते हुए अपनी सीने में गोलियां खाई हैं केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने उनका अपमान किया है।
इस मामले में शिक्षा विभाग का काम सिर्फ जिम का सामान खरीदने का था, वह खरीद लिया गया है। जमीन मुहैया करवाने का काम नगर पालिका का है। ऐसे में उनके विभाग का काम पूरा हो चुका है।
विनोद बाला, जिला खेल अधिकारी।
यह मामला जिला प्रशासन की जानकारी में है। किसी भी काम को अटकाने की कोई मंशा नहीं है। मामले में डीसी अमित खत्री द्वारा जो आदेश दिए जाएंगे, उसी के अनुसार आगे की प्रक्रिया की जाएगी।
महावीर सिंह, सचिव नगर पालिका उचाना।