अमर उजाला ब्यूरो
अलेवा। गांव शामदो के किसानों ने बिजली में कटौती करने के विरोध में गांव के बस स्टैंड पर जींद-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवरोधक डालकर जाम लगा दिया। किसान सड़क पर ही बैठ गए और बिजली निगम व सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। किसानों ने बिजली कर्मचारियों पर पैसे लेकर फाल्ट ठीक करने का भी आरोप लगाया। मौके पर पहुंचे अलेवा थाना के कार्यकारी प्रबंधक एसआई जयनारायण व बिजली निगम के एसडीओ रामपाल दहिया ने किसानों को पूरी बिजली देने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। लगभग एक घंटे तक लगे जाम के कारण सैकड़ों वाहनों की लाइनें लग गईं और इसमें कई हरियाणा रोडवेज की बसें भी फंस गई। इससे यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।
किसान हरपाल सिंह, रामचंद्र, सुरेश कुमार, धर्मपाल ने कहा कि उन्हें पूरी बिजली नहीं मिलती। लगातार बिजली लाइन में फाल्ट आ रहे हैं, जिन्हें कर्मचारी ठीक नहीं करते। कर्मचारियों को यदि पैसे दे दिए जाते हैं तो वे फाल्ट ठीक कर देते हैं। जाम की सूचना पाकर अलेवा थाना के कार्यकारी प्रबंधक एसआई जयनारायण मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाने का प्रयास किया लेकिन किसान बिजली निगम के अधिकारी को मौके पर बुलाने पर अड़े रहे। काफी देर बाद एसडीओ रामपाल दहिया मौके पर पहुंचे। किसानों ने कहा कि उन्हें शिफ्ट के अनुसार पूरी बिजली आपूर्ति नहीं मिलती व कर्मचारी फाल्ट ठीक करने के लिए पैसे मांगते हैं। मजबुरीवश किसानों को बिजली कर्मचारियों को पैसे देने पड़ते हैं। एसडीओ ने जल्द समस्या का समाधान करवाने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
कर्मचारियों की लापरवाही बारे उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी रिपोर्ट
किसानों ने बिजली कर्मचारियों पर लापरवाही व पैसे मांगने के आरोप लगाए हैं। किसानों को शिफ्ट के अनुसार पूरी बिजली दिलाई जाएगी व लापरवाह कर्मचारियों की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।
-रामपाल दहिया, एसडीओ, बिजली निगम।