अमर उजाला ब्यूरो
उचाना।
सीएम मनोहर लाल ने कहा कि जब चौधर ही देखनी हो तो चौधर उसकी पकड़नी चाहिए, जो धोखे में नहीं रखता हो। मैंने कभी चौधरियों की तुलना की है तो उनमें सबसे खरी बात कहने वाले चौधरी बीरेंद्र सिंह हैं। चौधरी के नाते अगर किसी का पल्लू पकड़ना है तो इनका पकड़े रखो, किसी ओर को नजदीक मत आने दो। हमारी सरकार ने बहुत काम किए हैं। यह बात सीएम ने छातर गांव में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कही।
सीएम ने कहा कि आने वाले दिनों में ग्रुप-डी की 38 हजार नौकरियां निकाली जाएंगी। इनमें खिलाड़ियों को दस प्रतिशत कोटा दिया जाएगा। सात हजार पुलिस की भर्ती होंगी, जिसमें कोई इंटरव्यू नहीं होगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने पारदर्शिता से नौकरी देने का काम किया है। अब से पहले जो सरकारें थीं, उनमें सिफारिशों, रुपयों से नौकरियां मिलती थीं। हमने इंटरव्यू समाप्त करके नौकरियों में पारदर्शिता लाने का काम किया है। सीएम ने जनसभा में पूछा कि कितनों के पास गैस सिलेंडर नहीं हैं, वो हाथ उठा कर बताएं। पांच महिलाओं ने इस पर हाथ उठाए तो सीएम ने कहा कि 48 घंटे के अंदर प्रशासन ने उनको गैस सिलेंडर मुहैया नहीं करवाया तो डीसी के घर चले जाना या आपकी विधायक की रसोई से गैस सिलेंडर उठा लाना। छातर गांव में अब तक हमारी सरकार में छह करोड़ से अधिक राशि विकास पर खर्च हुई है। यहां से 30 युवाओं को रोजगार हमारी सरकार में मिला है। इस मौके पर ओमप्रकाश थुआ, हरेंद्र डूमरखां, संजीव बुआना, संजीव डूमरखां, सुरेंद्र गर्ग, धर्मेंद्र चहल, सुरेश श्योकंद, रमेश श्योकंद, बिजेंद्र डूमरखां कलां, कपिल श्योकंद, पुरुषोत्तम शर्मा, मेवा सिंह, रणधीर पांचाल, सज्जन चौधरी, रणधीर श्योकंद, श्रवण मांडी, यशपाल पांचाल, गुरनाम पालवां, सतनाम मखंड, रामनिवास खरकभूरा भी मौजूद रहे।
सभी मुख्यमंत्रियों से लड़ा लेकिन मनोहर लाल से नहीं
बीरेंद्र सिंह ने कहा कि हेलिकॉप्टर से छातर में आना था लेकिन उनके हेलिकॉप्टर से सीएम मनोहर लाल आ गए। अगली बार छातर गांव में आऊंगा तो हेलिकॉप्टर से आऊंगा। हलके के लोगों को पता नहीं है 40 साल से मैंने लोगों के लिए काम किया लेकिन मुझे तो हरा देते हो लेकिन जब मेरी पत्नी ने चुनाव लड़ा तो उसे जीता दिया। लोग कहते हैं कि वह हर सीएम से लड़ते हैं। ये सच है लोगों के हितों, कामों को लेकर हर सीएम से लड़ता रहा हूं। इस सरकार में काम हुए हैं, इसलिए मैं मनोहर लाल से नहीं लड़ा। जो लोग आज एसवाईएल नहर के नाम पर जेल भरने की बात करते हैं, वो लोगों को बहका रहे हैं। एक दिन भी जेल में नहीं जाते, साथ-साथ जमानत करवा लेते हैं।
पंद्रह साल पर साढ़े तीन साल भारी
विधायक प्रेमलता ने कहा कि बीते पंद्रह सालों पर भाजपा सरकार के साढ़े तीन साल भारी पड़े हैं। एक दर्जन से अधिक गांवों में सीधा नहर से जलघरों में पीने का पानी आ रहा है। केंद्रीय विद्यालय बुडायन में, उपमंडल का दर्जा, अलेवा में कॉलेज, विस्तार मंडी, गांव से गांव जोड़ने के लिए कच्चे रास्तों को पक्का करने सहित अनेक ऐसे काम हुए हैं जिनकी क्षेत्र को सालों पहले जरूरत थी। यहां भेदभाव की राजनीति से बीती सरकारों ने काम किया।
23 करोड़ की परियोजनाओं का किया सीएम ने शिलान्यास
सीएम मनोहर लाल ने अलेवा में करीब एक एकड़ में तीन करोड़ से बनने वाले बस स्टैंड निर्माण का शिलान्यास, पेंगा में 23 एकड़ में 20 करोड़ से बनने वाले चालक प्रशिक्षण केंद्र निर्माण को लेकर शिलान्यास किया। छातर को महाग्राम योजना के तहत दस करोड़ रुपए, विकास कार्य के लिए दो करोड़ 60 लाख रुपए, तीन तालाब की चहारदीवारी के लिए 72 लाख, ग्राम सचिवालय के लिए 30 लाख रुपए, छातर से लोधर, मांडी से कमालपुर तक सड़क निर्माण, गौशाला के लिए 21 लाख रुपए देने के साथ पीएचसी को सीएचसी का दर्जा देने की घोषणा की।