रविदासिया मोहल्ले में छह दिनों से अंधेरा
उचाना। खापड़ गांव के भौंगरा रोड पर रविदासिया मोहल्ले की बीते छह दिनों से ट्रांसफार्मर जलने के कारण बत्ती गुल है। मोहल्ले के लोगों ने कहा कि जब ट्रांसफार्मर बदलने को लेकर निगम के कर्मचारियों से कहा गया तो उन्होंने कहा कि मोहल्ले के लोग खुद खराब ट्रांसफार्मर विभाग के कार्यालय लेकर आए। यहां से ट्रांसफार्मर जो बदला जाएगा वो भी उन्हें ही लेकर आना पड़ेगा। जल्द ही मोहल्ले में ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो मजबूरी में मोहल्ले के लोगों को निगम कार्यालय में प्रदर्शन करना पड़ेगा।
नरेंद्र, संजय, अनिल, रामनिवास, विजय ने कहा कि सर्दी के मौसम में शाम जल्दी होती है। शाम होते ही मोहल्ले में अंधेरा छा जाता है। मोहल्ले के लोगों को ट्रांसफार्मर लाने, ले जाने के लिए कर्मचारी कह रहे है। विभाग की जिम्मेदारी जले हुए ट्रांसफार्मर को बदलने की होती है। बार-बार कहने के बाद भी ट्रांसफार्मर बदला नहीं जा रहा है। पीने के पानी की किल्लत सहित अन्य बिजली से होने वाले कार्य रूके हुए है। बिजली नहीं आने से इंटवर्टर भी ठप्प हो गए है। पशुओं के चारे सहित विभिन्न कामों को लेकर परेशानी हो रही है। विभाग को चाहिए कि वो जले हुए ट्रांसफार्मर को जल्द बदले। बिजली निगम के जेई रणधीर ने कहा कि विभाग के पास कोई व्हीकल नहीं है तो ऐसे में कैसे ट्रांसफार्मर लेकर आए। लोग खुद जला हुआ ट्रांसफार्मर अपने खुद के वाहनों में लेकर आते-जाते है।