नए बस स्टैंड के पास कैंटर की चपेट में आने से चार वर्षीय बच्ची फरमान की मौत हो गई। फरमान उत्तर प्रदेश के शामली जिले के आरमपुरी की रहने वाली थी। मंडी स्थित पुलिस चौकी में मरने वाली बच्ची के पिता शहजाद ऊर्ज सुक्खा की शिकायत पर अज्ञात कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में शहजाद ने कहा कि वह पशु बेचने और खरीदने का काम करता है। एक साल से वह उचाना में ही रह रहा है। उसकी बेटी फरमाना दूसरे बच्चों के साथ घर पर ही खेल रही थी। खेलने के दौरान वह दुकान से चीज खरीदने के लिए नए बस स्टैंड की तरफ जा रही थी। उसी दौरान जींद की तरफ से तेज रफ्तार से आ रहे कैंटर के चालक ने बेटी को कैंटर की चपेट में ले लिया। हादसे के बाद कैंटर चालक कुछ दूरी पर ही कैंटर छोड़कर फरार हो गया। फरमाना को इलाज के लिए नरवाना के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच अधिकारी कृष्ण ने कहा कि शहजाद की शिकायत पर अज्ञात कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।