20जेएनडी08-गोहाना रोड स्थित राजकीय पीजी कॉलेज का फोटो, जहां खाली सीटों पर फिजिकल काउंसलिंग के त
जींद। जिले के विभिन्न कॉलेजों में दो मेरिट लिस्ट के बाद भी सीट खाली बची हुई हैं, जिन पर फिजिकल काउंसिलिंग के तहत दाखिला प्रक्रिया जारी है। 9 जुलाई को फिजिकल काउंसिलिंग शुरू हुई थी।
11 जुलाई से लेकर 17 जुलाई तक 100 रुपये लेट फीस के साथ विद्यार्थी दाखिला ले सकते थे। फिर 18 जुलाई से लेकर 24 जुलाई तक पहले वाले 100 रुपये लेट फीस और 100 रुपये हर रोज लेट फीस भरकर विद्यार्थी दाखिला ले सकते हैं।
ऐसे में फिजिकल काउंसिलिंग के तहत दाखिला लेने के लिए केवल 4 दिन ही बचे हैं। अभी भी कॉलेजों में 25 प्रतिशत से अधिक सीट खाली बची हुई हैं।
उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार 19 मई से लेकर 16 जून तक विद्यार्थियों को दाखिले के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना था। आवेदन के समय तो कॉलेजों में निर्धारित सीटों पर दो से तीन गुना तक आवेदन आए थे।
ऐसे में जब 26 जून को पहली मेरिट लिस्ट जारी हुई थी तो ज्यादातर संकायों में मेरिट लिस्ट 100 से ऊपर रही थी। पहली मेरिट लिस्ट में जिन विद्यार्थियों का नाम मेरिट लिस्ट में आया था, उसके पास 27 जून से लेकर 30 जून तक दाखिले के लिए फीस जमा कराने का समय था।
पहली मेरिट लिस्ट के बाद सीट खाली रहने पर 3 जुलाई को दूसरी मेरिट लिस्ट जारी हुई थी। जिन विद्यार्थियों का नाम दूसरी मेरिट लिस्ट में आया, उनके पास 4 जुलाई से लेकर 7 जुलाई तक फीस भरने का समय था। वहीं दो मेरिट लिस्ट के बाद भी कॉलेजों में खाली सीट रह गई हैं जिस कारण कॉलेजों को अब फिजिकल काउंसिलिंग के तहत दाखिले किए जा रहे हैं।