02जेएनडी21: योगासन प्रतियोगिता में भाग लेते हुए किशोर। संवाद
जींद। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में मंगलवार को जिले के विभिन्न खंडों में योगासन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी योग प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. अमित रोहिल्ला के निर्देशन तथा योग विशेषज्ञ गोविंदा के सहयोग से जुलाना, पिल्लूखेड़ा, उचाना, उझाना, नरवाना, सफीदों, जींद और अलेवा खंडों में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
जिला योग कॉर्डिनेटर एवं अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के ओवरऑल आयुष नोडल अधिकारी डॉ. योगेश कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में 10 से 18 वर्ष और 18 से 55 वर्ष आयु वर्ग निर्धारित किए गए थे।
दोनों आयु वर्गों में महिला व पुरुष श्रेणियों की प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। प्रतियोगिताओं में पूरे जिले से कुल 397 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने विभिन्न योगासनों की प्रभावशाली प्रस्तुतियां देकर निर्णायकों और दर्शकों को प्रभावित किया।
प्रत्येक खंड में दोनों आयु वर्गों की महिला एवं पुरुष श्रेणियों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को मेडल और मेरिट प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि खंड स्तर पर चयनित विजेता अब जिला स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन नौ जून को अर्जुन स्टेडियम जींद में किया जाएगा, जिसमें जिले के सभी खंडों के विजेता खिलाड़ी भाग लेंगे।