जींद। जिले में लगातार कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। त्योहारी सीजन होने के कारण बाजार व अन्य जगहों पर लोगों की भीड़ बढ़ रही है। लोग त्योहारी सीजन में सावधानियां नहीं बरत रहे हैं। सोमवार को मालवी गांव के सरकारी स्कूल के तीन अध्यापकों समेत जिले में 34 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
नवंबर महीने में अब तक 301 कोरोना संक्रमण के मामले सामने आ चुके हैं। मालवी गांव में अध्यापकों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद भी स्कूल खोला गया। स्कूल को अभी सैनिटाइज भी नहीं करवाया गया है। स्कूल में न तो शारीरिक दूरी का पालन किया जा रहा है और न ही मास्क लगाए जा रहे। जब मामले की सूचना खंड शिक्षा अधिकारी को लगी तो उन्होंने तुरंत स्कूल की छुट्टी करवाई। इसके अलावा अध्यापकों के संपर्क में आए विद्यार्थियों और अध्यापकों की कोरोना जांच करवाने के निर्देश दिए।
स्कूल बंद करा दिया
जैसे ही सूचना मिली तुरंत स्कूल को बंद करवाने और संपर्क में आए हुए शिक्षकों और छात्रों के सैंपल करवाने के निर्देश दिए हैं। स्कूल को सैनिटाइजर करवाया जाएगा और कोरोना गाइडलाइन का पालन किया जाएगा।
-राकेश कपूर, खंड शिक्षा अधिकारी जुलाना।
सैंपलिंग कराई जाएगी
सैंपलिंग के लिए गांव में मोबाइल गाड़ी भेजी जाएगी और अध्यापकों के संपर्क में आए हुए छात्रों और शिक्षकों के सैंपल लिए जाएंगे।
-डॉ. नरेश वर्मा, एसएमओ जुलाना।