जींद। क्लीनिक संचालक को ज्यादा मुनाफे का लालच देकर 3.37 लाख रुपये ठगी करने के मामले में साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
साइबर क्राइम थाना पुलिस को दी शिकायत में इंद्रा कॉलोनी निवासी ओम रतन ने कहा कि वह क्लीनिक चलाता है। उसके व्हाट्सएप पर मैसेज आया कि गूगल मैप की लोकेशन को रिव्यू करोगे तो रिवॉर्ड मिलेगा। इसके बाद उसके साथ टेलीग्राम आईडी वीआईपी क्वाइन डीसीएक्स से लुभावनी योजनाओं के बारे में बातचीत की गई। इसके बाद उसके साथ टेलीग्राम ग्रुप से अन्य चार टेलीग्राम आईडी पर रिपोर्ट भेजने के संबंध में चैट हुई। लुभावने टास्क को पूरा करने पर रिवॉर्ड मिलने की जानकारी दी गई। लालच में आकर उसने टेलीग्राम ग्रुप के माध्यम से अगला टास्क खेलने के लिए एक हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इस पर उसको 1500 रुपये मिले। इसके बाद ज्यादा रुपये का लालच देकर अगला टास्क दिया गया। उसने तीन हजार रुपये भेजे तो उसे 4300 रुपये मिले। इस तरह वह आरोपियों के जाल में फंसता गया। 31 मार्च से 1 अप्रैल तक 3.37 लाख रुपये उसने लगा दिए। बाद में आरोपियों ने कोई पैसा नहीं दिया। एचसी सतबीर सिंह ने कहा कि शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।