नियम 134ए : दोपहर तक ऑफलाइन जमा किया फार्म, इसके बाद ऑनलाइन मांगे आवेदन
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। निजी स्कूलों में नियम 134ए के तहत बच्चों का दाखिला करवाने के लिए डीईईओ कार्यालय में वीरवार को अभिभावकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दोपहर 12 बजे तक कर्मचारियों ने लगभग 50 फार्म ऑफलाइन जमा करवाए। इसके बाद शिक्षा विभाग से संदेश आया कि आवेदन ऑनलाइन लिए जाएंगे। इसके बाद आवेदन लेना बंद कर दिया गया । इससे अभिभावकों को काफी पेरशानी का सामना करना पड़ा। इसके विरोध में अभिभावकों के लिए काम करने वाला स्वास्थ्य शिक्षा सहयोग संगठन शुक्रवार को शिक्षा विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करेगा।
अभिभावक मंजू, सुरेंद्र, सविता व सीमा ने कहा कि वे विभिन्न दस्तावेज लेकर डीईईओ कार्यालय पहुंचे। यहां कर्मचारियों ने फार्म लेने से मना कर दिया और ऑनलाइन फार्म जमा करवाने के लिए कहा। इससे अभिभावकों को जानकारी के अभाव में दिनभर इधर से उधर भटकना पड़ रहा है। दोपहर बाद शिक्षा विभाग के आदेशों पर कर्मचारियों ने अभिभावकों के ऑफलाइन फार्म लेने से मना कर दिया और प्रति लगाकर ऑनलाइन फार्म भरने की सूचना जारी कर दी। वहीं 25 मार्च तक जिले के विभिन्न प्राइवेट स्कूूलों को अपने स्कूलों में खाली सीटों की जानकारी डीईईओ कार्यालय में भेजनी थी। इसके बावजूद अब तक 70 स्कूलों ने खाली सीटों की सूचना विभाग को भेजी है। वहीं 28 स्कूलों ने अब तक खाली सीटों की सूचना जारी नहीं की। इसके बाद डीईईओ दलजीत ने इन स्कूलों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। भेजी गई सूचना के आधार पर जिलेभर में कुल 6225 खाली सीटों की सूचना भेजी गई है। इसके तहत अब चार अप्रैल तक अभिभावक अपने बच्चों का दाखिला दिलवाने के लिए इन सीटों पर फार्म जमा करवा सकते हैं। इसके बाद सात अप्रैल को 134ए के तहत दाखिला लेने के लिए बच्चों का जिलेभर में परीक्षा होगी। स्वास्थ्य शिक्षा सहयोग संगठन की अध्यक्ष आशा गोयत ने बताया कि शिक्षा विभाग के फैसले से अभिभावकों को काफी परेशानी हो रही है। इसके खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा।
विभिन्न कक्षाओं में सीटों का ब्यौरा
कक्षा सीट संख्या
दूसरी 791
तीसरी 590
चौथी 533
पांचवीं 606
छठी 600
सातवीं 586
आठवीं 591
नौवीं 516
10वीं 497
11वीं 471
12वीं 444
यह दस्तावेज चाहिए ऑनलाइन फार्म जमा करवाने के लिए
1. स्कूल रजिस्ट्रेशन नंबर
2. जन्म प्रमाण पत्र
3. रिहायशी प्रमाण पत्र
4. बीपीएल या ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र
5. आधार कार्ड, राशन कार्ड, पासपोर्ट या अन्य आईडी
मोबाइल नंबर होना चाहिए सही
ऑनलाइन आवेदन के लिए शिक्षा विभाग हरियाणा की साइट पर दिए गए लिंक पर जाना होगा। ऑनलाइन आवेदन करते समय मोबाइल नंबर अपलोड करना होगा। ऐसे में अभिभावक अपना व्यक्तिगत मोबाइल नंबर ही अपलोड करें। किसी अन्य जान पहचान वाले या किसी रिश्तेदार का मोबाइल नंबर अपलोड नहीं करवाएं क्योंकि मोबाइल नंबर पर ही ओटीपी, रजिस्ट्रेशन नंबर व परीक्षा से संबधित सारी जानकारी भेजी जाएगी। ऐसे में अभिभावक अपना व्यक्तिगत मोबाइल नंबर ही अपलोड करवाएं।
सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले बच्चे के होने चाहिए 55 प्रतिशत अंक
सरकारी स्कूल में पढ़ने वाला विद्यार्थी अगर 134ए के तहत आवेदन करता है तो उसके 55 प्रतिशत अंक होने चाहिए। उस विद्यार्थी को 134ए के दाखिला के लिए परीक्षा देने की जरूरत नहीं होगी। उनके पिछली कक्षा में 55 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले दस्तावेज अपलोड करने होंगे। पहले ऑफलाइन आवेदन लिए गए थे, लेकिन विभाग से निर्देश आए कि ऑनलाइन ही आवेदन लिए जाएंगे। इसके बाद ऑफलाइन आवेदन लेने बंद कर दिए गए।
कल्याण सिंह, बीईईओ।
134-ए के नियमों की जानकारी के लिए युवा शक्ति एनजीओ ने लगाया हेल्प डेस्क
नरवाना। वीरवार को युवा शक्ति एनजीओ के तत्वावधान में लघु सचिवालय में नियम 134-ए के तहत अभिभावकों को लाभ पहुंचाने के लिए हेल्प डेस्क लगाया। युवा शक्ति एनजीओ के अध्यक्ष अमन मोर ने बताया कि अधिकतर जरूरतमंद परिवार के बच्चे अच्छे स्कूलों में पढ़ाई करने से वंचित रह जाते हैं। इसे लेकर एनजीओ ने हेल्प डेस्क लगाकर अभिभावकों को जागरूक किया है।