बिना आयु प्रमाण वाले एक हजार बुजुर्गों की मिलेगी वृद्धा पेंशन
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। वृद्धावस्था पेंशन के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटने वाले उन बुजुर्गों के लिए अच्छी खबर है जिनके पास वृद्धा पेंशन के लिए कोई आयु प्रमाण पत्र नहीं है। एक पखवाड़ा पहले लगे आयु जांच कैंप में लगभग 1530 बुजुर्गों ने अपनी आयु की जांच करवाई थी। इनमें से जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा अब ऐसे एक हजार बुजुर्गों की पेंशन बनाई जाएगी, जिनकी आयु चिकित्सकों द्वारा कैंप में जांच के बाद 60 वर्ष से अधिक बताई गई है। जिन बुजुर्गों के पास उम्र का कोई प्रमाण पत्र नहीं है उनकी पेंशन बनवाने के लिए सरकार द्वारा मेडिकल बोर्ड के माध्यम से आयु की जांच करवा कर पेंशन बनवाने का प्रावधान किया गया है।
जिन बुजुर्गों के पास आयु से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं थे उनकी पेंशन बनाने के लिए सरकार द्वारा मेडिकल बोर्ड के माध्यम से आयु की जांच करवा कर पेंशन देने का प्रावधान किया गया है । विभाग द्वारा आयु की जांच के लिए जो कैंप लगाया गया था उसमें 1530 बुजुर्गों की उम्र की जांच की गई थी। इनमें से एक हजार को पेंशन योग्य पाया गया है। योग्य मिले बुजुर्गों की पेंशन बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
सरोज बाला, जिला समाज कल्याण अधिकारी जींद।