अमर उजाला ब्यूरो
सफीदों। उपमंडल के गांव खेड़ा खेमावती में शनिवार सुबह एक युवक ने अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष के लोगों तंग आकर आत्महत्या कर ली। युवक ने नशीले पदार्थ का सेवन करने से पहले एक सुसाइड नोट भी लिखा। इसके बाद जब उसे सफीदों के एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया तो उसने मरने से पहले अपनी वीडियो बनवाकर सास-ससुर और अपने सालों पर उसे प्रताड़ित करने के आरोप लगाए। मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मृतक युवक इंद्रजीत के पिता वेदप्रकाश की शिकायत पर मृतक की सास, ससुर, सालों और एक पशु चिकित्सक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक के छोटे भाई अजमेर ने बताया कि उसके भाई इंद्रजीत ने सुबह नशीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। उसे सफीदों के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां से उसे पानीपत के प्रेम अस्पताल में रेफर किया गया। अस्पताल में युवक ने दोपहर बाद दम तोड़ दिया। मृतक युवक ने मरने से पहले अपनी वीडियो बनवाकर ब्यान देते हुए बताया कि उसका ससुर राममेहर, सास कृष्णा, साले अमन व रमन, पत्नी सुमन व गांव ऐंचरा निवासी एक पशु चिकित्सक डॉ. गुलाब उसे पिछले एक महीने से टॉर्चर करकेे परेशान कर रहे थे। कभी उस पर दहेज मांगने का केस दर्ज करवाने की धमकी देते, तो कभी पैसे की मांग करते थे।
मामला दर्ज
मामले के जांच अधिकारी एसआई बलवान ने बताया कि पुलिस को दिए ब्यान में मृतक लड़के के पिता वेदप्रकाश ने बताया कि उसके लड़के की शादी जनवरी, 2017 को उपमंडल के गांव बहादुरगढ़ निवासी सुमन के साथ हुई थी। शादी के कुछ माह बाद ही उसके लड़के को ससुराल पक्ष से सास, ससुर और उसके साले उसे तंग करने लगेे थे। उसे कभी दहेज का केस दर्ज करवाने व कभी उनकेे घर पैसे भेजने की मांग करते थे। इससे परेशान होकर करीब 25 वर्षीय उसके लड़के इंद्रजीत ने आत्महत्या की है। उन्होंने बताया कि इंद्रजीत दिल्ली की एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था।
कार्यवाहक एसएचओ जगबीर सिंह दहिया ने बताया कि पुलिस ने मृतक लड़के पिता वेदप्रकाश की शिकायत पर ससुर राममेहर, सास कृष्णा, साले अमन, रमन, पत्नी सुमन और गांव ऐंचरा निवासी पशु चिकित्सक डॉ. गुलाब के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।