जींद। शुगर मिल में निर्माण कार्य में लगे मजदूर की छत से गिरने से मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी ठेकेदार को गिरफ्तार किया है। बाद में अदालत ने आरोपी को जमानत पर रिहा कर दिया। गांव रायचंदवाला निवासी सुभाष ने 14 अगस्त को सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका 25 वर्षीय भाई धर्मवीर अपने कुछ अन्य साथियों के साथ वहां ठेकेदार के अधीन मजदूरी का काम करता था। सुबह वह करीब 35 फीट टीन से बनी हुई छत पर चढ़कर पेंट कर रहा था। अचानक उसका पांव फिसल गया और वह नीचे जमीन पर जा गिरा। जमीन पर सिर के बल गिरने से उसे गर्दन व सिर में गंभीर चोटें आई। मौके पर मौजूद मजदूर व अन्य लोग उसे नागरिक अस्पताल में लेकर आए। जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। पीजीआई ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। सुभाष ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि ठेकेदार लक्ष्य ने शुगर मिल में मेंटेनेंस के जोखिम भरे काम के लिए सुरक्षा के कोई यंत्र उपलब्ध नहीं करवाए थे। उन्हीं की लापरवाही की वजह से धर्मवीर की मौत हुई। पुलिस ने ठेकेदार स्कीम नंबर छह निवासी लक्ष्य गुप्ता के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।