जींद। गांव बड़ौदा के निकट आठ माह पहले पिस्तौल के बल पर गाड़ी व नकदी लूटने के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। गांव बड़ौदा निवासी जोगिंद्र ने 20 नवंबर 2016 को उचाना थाना पुलिस में दी शिकायत में बताया कि बड़ौदा गांव में वह रेती-बजरी की दुकान चलता है। सुबह अपने दोस्त प्रदीप बड़ौदा के साथ हिसार जिले के बुरावाड़ा गांव में अपने दोस्त के बच्चों को छोड़ कर वापस आ रहा था। अपने दोस्त प्रदीप को बड़ौदा गांव में छोड़ने के बाद वह गाड़ी में सवार होकर घोघड़ियां की तरफ जा रहा था। बड़ौदा से जाते समय शिव मंदिर से कुछ दूरी पर उसकी गाड़ी के सामने एक आई-20 गाड़ी रुकी। जैसे ही वह कुछ समझ पाता इससे पहले गाड़ी से तीन हथियारबंद युवक नीचे उतरे और उसकी गाड़ी का दरवाजा खोल कर उसे धक्का दे दिया। युवकों ने गाड़ी वापस बड़ौदा की तरफ मोड़ ली। युवक ने जब उनका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके मुंह पर पिस्तौल की बट मार दी। इसके बाद बदमाशों ने उसका पर्स भी उससे छीन लिया, जिसमें दस हजार रुपये व जरूरी कागजात थे। आरोपियों ने उसे घसो खुर्द गांव बस स्टॉप के पास छोड़ा 600 रुपये और खाली पर्स देकर नरवाना की तरफ फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ लूटपाट व शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गांव आंगनवानपुर निवासी राहुल उर्फ लंबू का नाम सामने आया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार करके उसके दूसरे साथियों के बारे में पूछताछ शुरू कर दी।