अमर उजाला ब्यूरो
जींद।
गांव बड़ौदा में रेलवे फाटक पर तैनात गेटमैन को सांप ने डंस लिया। सांप के डंसने के बाद गेटमैन को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया गया। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालात देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। परिजन उसके हिसार के एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां उनका उपचार चल रहा है। नॉर्दर्न रेलवे मेन यूनियन ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों ने इसकी सूचना तुरंत ही अधिकारियों को दे दी थी, लेकिन उसके बावजूद वहां नहीं पहुंचे। इससे यूनियन के पदाधिकारियों में अधिकारियों के प्रति रोष है।
गांव बड़ौदा के रेलवे फाटक पर अंकित गेटमैन के पद पर कार्यरत है। सोमवार रात को वह ड्यूटी पर कार्यरत था। इस दौरान सांप ने उसे डंस लिया। सर्पदंश से वह बेसुध हो गया। रेलवे कर्मचारियों ने इसकी सूचना अधिकारियों को दी, लेकिन सूचना देने के बावजूद भी कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। बाद में उसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां से उसे रेफर कर दिया। यूनियन के शाखा मंत्री रवि चोपड़ा ने कहा कि कर्मचारी को अचानक के सांप के डंसने की सूचना के बावजूद जेई वहां नहीं पहुंचे। इसकी शिकायत रेलवे के उच्च अधिकारियों व रेल मंत्री को दी जाएगी।
रेलवे फाटक के गेटमैन को सांप ने डंसा
गेटमैन को गंभीर हालात में पीजीआई रेफर किया