18जेएनडी03: परीक्षा देकर स्कूल से बाहर निकलते विद्यार्थी। संवाद
जींद। सीबीएसई की 12वीं कक्षा की फिजिकल एजुकेशन की बोर्ड परीक्षा बुधवार को जिले में शांतिपूर्ण हुई। जिले में बनाए गए 16 परीक्षा केंद्रों पर 2852 परीक्षार्थियों को परीक्षा देनी थी जिनमें से 2840 विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया।
परीक्षा सुबह दस बजे से शुरू होकर दोपहर एक बजकर 30 मिनट तक चली। विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्रों पर सुबह नौ बजकर 40 मिनट तक पहुंचने के निर्देश दिए गए थे। केंद्रों पर प्रवेश से पहले पहचान पत्र की जांच की गई और नियमों के अनुरूप ही परीक्षार्थियों को अंदर प्रवेश दिया गया।
जिला सिटी कोऑर्डिनेटर और इंडस पब्लिक स्कूल की प्राचार्या अरुणा शर्मा ने बताया कि परीक्षा को लेकर सभी केंद्रों पर पर्याप्त प्रबंध किए गए थे। परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी निगरानी, पेयजल व्यवस्था और बैठने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी। बोर्ड के निर्देशानुसार विद्यार्थियों को स्कूल यूनिफॉर्म और स्कूल आईकार्ड में ही परीक्षा देने की अनुमति दी गई।
साथ ही स्मार्ट वॉच, मोबाइल फोन, कैलकुलेटर या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहा। फिजिकल एजुकेशन विषय का पेपर संतुलित और पाठ्यक्रम आधारित बताया गया। परीक्षा देकर बाहर निकले विद्यार्थियों ने बताया कि पेपर सामान्य स्तर का था और समय प्रबंधन के साथ आसानी से हल किया जा सका।
परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या नकल की सूचना नहीं मिली। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा समय-समय पर केंद्रों का निरीक्षण भी किया गया।