नरवाना। नरवाना की चमेला कॉलोनी में मंगलवार दोपहर नशा तस्करों के खिलाफ जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चिह्नित 27 अवैध मकानों और निर्माणों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान नरवाना और उचाना ब्लॉक का भारी पुलिस बल मौके पर तैनात रहा।
इस दौरान कार्रवाई का एक स्थानीय महिला ने विरोध जताया। इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने उसे समझाकर मौके से दूर हटा दिया।
डीएसपी कमलदीप राणा के निर्देश पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में नशा तस्करी से जुड़े लोगों के अवैध निर्माण तोड़े गए। कार्रवाई के दौरान शहर थाना प्रभारी पूर्णदास, सदर थाना प्रभारी कमल और सीआईए इंचार्ज सुखदेव सिंह अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। तहसीलदार नरवाना ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट विजय कुमार के रूप में पूरी कार्रवाई की निगरानी की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिन मकानों और निर्माणों को तोड़ा गया, उनके संबंध में जिला नगर योजनाकार मनीष दहिया की ओर से पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका था। जांच में सामने आया कि इन संपत्तियों के मालिक नशा तस्करी जैसी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं।