जींद। लघु सचिवालय में मंगलवार को समाधान शिविर का आयोजन हुआ। इसमें करीब 250 शिकायतें आईं। डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने प्रत्येक फरियादी की समस्या को सुना और कई का मौके पर ही समाधान करवाया। शेष समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर में आने वाली शिकायतों पर ठोस कार्रवाई करें। इसके अलावा शिकायतकर्ता को यह बताएं कि उनकी समस्या का हल होने में कितना समय लग सकता है, ताकि फरियादी संतुष्ट हो। समाधान शिविर में आई शिकायतों में अधिकांश मामले परिवार पहचान पत्र से संबंधित थे।
इनमें आय कम करवाने, नाम व व्यवसाय परिवर्तन, प्लॉट या खेत की जमीन की निशानदेही, मजदूरी के लिए श्रम विभाग के तहत नया कार्ड बनवाने व काम दिलवाने आदि शामिल रहे। डीसी ने सभी मामलों को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए मौके पर बैठे अधिकारियों को निर्देश दिए।
शिविर में आए नरवाना निवासी दिव्यांग राजीव कुमार ने अपने परिवार पहचान पत्र में आय कम करवाने, गांव शाहपुर निवासी सुरेश ने गांव में प्लॉट की निशानदेही करवाने की मांग की। इसी प्रकार से पेगा गांव निवासी मोहम्मद रिजवान ने बताया कि 26 जून को बिजली गिरने से उनके मकान में लगे बिजली के सभी उपकरण लग गए।