जींद। शहर थाना पुलिस ने पटाखों के गोदाम पर छापेमारी कर 242 किलोग्राम पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने दुकानदार के खिलाफ एक्सप्लोसिव एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
शहर थाना पुलिस 20 अक्तूबर देर शाम रोहतक रोड पर गश्त कर रही थी। उन्हें सूचना मिली थी कि कुंदन सिनेमा स्थित कृष्णा कॉलोनी निवासी प्रमोद अपनी नई सब्जी मंडी की दुकान में भारी मात्रा में बम-पटाखे स्टॉक किए है। फायर ब्रिगेड विभाग के एलएमएफ विजय को सूचना दी गई और उन्हें साथ लेकर छापेमारी की गई।
नई सब्जी मंडी में बताई गई लोकेशन पर पहुंचे तो वहां प्रमोद मिला। एलएमएफ विजय की मौजूदगी में दुकान की चेकिंग की गई तो यहां भारी मात्रा में पटाखे पाए गए। पटाखों से संबंधित लाइसेंस मांगे जाने पर दुकानदार कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। इनका वजन किया गया तो कुल 242 किलो 300 ग्राम पटाखों का वजन मिला। इन्हें 18 कट्टों में सील कर कब्जे में लिया गया। जांच अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि पुलिस ने प्रमोद के खिलाफ एक्सप्लोसिव एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।