जींद। दो लोगों ने युवती से वीएलडीए और केयूके में सहायक प्रोफेसर के पद पर लगवाने के नाम पर 23 लाख ठग लिए। सदर थाना पुलिस ने कौशिक नगर निवासी हरीश शर्मा और सोनीपत जिला के गांव कथूरा निवासी वीएलडीए सुरेश कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है।
जलालपुर कलां निवासी खुशीराम ने पुलिस को एफआईआर में बताया कि उसकी बेटी ने नेट जेआरएफ से किया हुआ है वहीं पीएचडी की हुई है। उन्होंने बताया कि वीएलडीए सुरेश कुमार जो फिलहाल पंचकूला में रह रहा है। उससे उनकी पहचान थी। डॉ. सुरेश कुमार और हरीश शर्मा ने उनकी बेटी को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में सहायक प्रोफेसर पद पर नियुक्ति दिलवाने का झांसा दिया था। उन्होंने केवल साक्षात्कार में नंबर दिलवाने के लिए 23 लाख रुपये मांगे थे। उनके भरोसे में आकर उन्होंने जनवरी 2025 में 23 लाख रुपये दे दिए लेकिन महीनों बीतने के बाद भी न नौकरी मिली और न ही रुपये वापस किए गए।
जब उन्होंने पैसे वापस मांगे तो उन्हें टालने और उसे धमकाने लगे। उन्होंने बताया कि चार लाख रुपये सुरेश के खाते में और 19 लाख हरीश शर्मा के खाते में डलवाए थे। उन्होंने बताया कि सहायक प्रोफेसर की पोस्ट निकली हुई थी जिसमें परीक्षा नहीं थी।
एकेडमिक मेरिट व साक्षात्कार अनुसार ही भर्ती होनी थी और उसकी बेटी मेरिट में थी। पुलिस ने इस मामले में वीएलडीए सुरेश कुमार व उसके साथी हरीश के खिलाफ केसा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।