08जेएनडी03-हरियाणा सचिवालय से बाहर आते पदाधिकारी। स्रोत पदाधिकारी
जींद। प्रदेश सरकार ने पशुपालन विभाग के 22 चिकित्सकों की प्रमोशन कर उन्हें उपमंडल अधिकारी बना दिया है। हरियाणा स्टेट वेटरिनरी एसोसिएशन ने खुशी जताते शीघ्र कार्यस्थल निर्धारित करने की मांग की है।
एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री, प्रधान सचिव, पशुपालन एवं डेयरी विभाग का आभार प्रकट किया। उन्होंने लंबे समय से लंबित पशु चिकित्सकों की पदोन्नति संबंधी मांग पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए 22 पशु चिकित्सकों को उपमंडल अधिकारी एवं समकक्ष पदों पर पदोन्नत करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।
महासचिव डॉ. विजय कादियान ने बताया कि प्रदेश में एफएमडी-एचएस संयुक्त टीकाकरण अभियान 11 मई से शुरू होगा। इस अभियान के सफल संचालन को ध्यान में रखते हुए सरकार से मांग है कि नव पदोन्नत अधिकारियों के कार्यस्थल शीघ्र निर्धारित किए जाएं, ताकि वे अभियान के सफल क्रियान्वयन में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सकें। संवाद