उपभोक्ताओं को अब मिलेगी पर्याप्त बिजली, लगाए गए 53 नए पावर हाउस
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। बिजली कट से होने वाली परेशानी से अब लोगों को राहत मिलने वाली है। इसके लिए बिजली विभाग द्वारा पिछले साल जिले में 53 नए पावर हाउस चालू किए गए हैं। इससे शहर ही नहीं गांव के रहने वाले लोगों को भी बिजली मिलेगी और उनको बिजली को लेकर परेशान नहीं होना पड़ेगा। अब तक हालात यह थे कि गर्मी का मौसम आते ही ज्यादातर ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली के लिए हाहाकार मच जाता था। किसानों को बिजली नहीं मिलती थी जिससे खेती प्रभावित होती थी।
गत वर्ष गर्मी के मौसम में एक माह के दौरान जिले भर में लोगों ने बिजली समस्या को लेकर दर्जन भर से ज्यादा बार रास्ते रोककर बिजली सप्लाई सुचारु करने की मांग की गई थी। इस दौरान गांवों व शहर समेत हर जगह बिजली की किल्लत ने भयंकर रूप धारण किया था। इससे सबक लेते हुए बिजली निगम ने नए पावर हाउसों का निर्माण कार्य शुरू किया था। इसके बाद वर्ष भर के अंत तक बिजली निगम ने 53 पावर हाउस स्थापित किए।
बिजली निगम द्वारा स्थापित किए गए ज्यादातर पावर हाउस ग्रामीण क्षेत्र में हैं। जिससे इनका ज्यादा लाभ ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को मिलेगा। इतना ही नहीं किसानों को घरेलू और खेती में प्रयोग होने वाली बिजली पर्याप्त मात्रा में मिल सकेगी। बीते वर्ष किसानों को खेती में प्रयोग होने वाली बिजली के कटों से सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसके कारण ही लोग आए दिन बिजली निगम और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर सड़कों पर उतरने के कारण मजबूर थे। अब किसानों को इन पावर हाउसों के चलने से बिजली किल्लत से तो निजात मिलेगी ही। साथ ही किसानों को बिजली नहीं आने के कारण फसल में होने वाले नुकसान से भी राहत मिलेगी।
आगामी गर्मी के मौसम में मिलेगी बिजली कटों से राहत
बिजली निगम ने उपभोक्ताओं को बिजली कटों से राहत दिलाने के लिए जिले में 53 नए पावर हाउस स्थापित किए हैं। इसने ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में बिजली की होने वाले परेशानी से राहत मिलेगी। आगामी गर्मी के मौसम में जिला वासियों के लिए और भी कई नए पावर हाउस शुरू करवाए जाएंगे।
श्यामबीर सैनी, एसई बिजली निगम जींद।