अदालत के आदेश के बाद भी गली से नहीं छुड़वाया कब्जा
अमर उजाला ब्यूरो
उचाना। गांव खरक भूरा की मुख्य गली पर किए गए कब्जे को हटवाने के अदालत के आदेश के बावजूद प्रशासन कार्रवाई नहीं कर रहा है। इससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। इस मामले में शिकायतकर्ता रमेश कुमार के अनुसार प्रशासन कब्जा करने वालों को शह दे रहा है।
रमेश ने उचाना के खंड एवं पंचायत अधिकारी को शिकायत में कहा कि गांव खरक भूरा के गली नंबर 296 पर 17 मई को एक व्यक्ति द्वारा कब्जा किया गया था। इससे गली में स्कूल जाने वाले लोगों को काफी परेशानी हो रही है। इसी रास्ते पर गांव का स्कूल भी है। गली पर कब्जा होने से सबसे अधिक परेशानी छात्राओं को हो रही है। रमेश कुमार के अनुसार इस मामले में अदालत ने 2011 में कब्जा हटवाने के आदेश जारी किए थे। 2013 में अवैध कब्जा हटवाया गया, लेकिन अब फिर से इस गली पर कब्जा किया जा रहा है। इसकी शिकायत सरपंच द्वारा पुलिस को भी दी गई है, लेकिन कब्जा नहीं हटवाया जा रहा है। इतना ही नहीं ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को भी इसकी शिकायत दी थी, लेकिन प्रशासन इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। रमेश के अनुसार अदालत के फैसले को प्रशासन लागू नहीं करवा रहा है। इससे गांव में अशांति का माहौल बना हुआ है।
यह पुराना मामला है। कार्यालय में कब्जा हटवाने की शिकायत आई थी। पहले भी अदालत के आदेश पर कब्जा हटवाया गया था। अब इस गली की पैमाइश के लिए पंचायत से प्रस्ताव मंगवाया गया है। निशानदेही कर गली से कब्जा हटवाया जाएगा।
महेंद्र सिंह नेहरा, बीडीपीओ, उचाना।