अमर उजाला ब्यूरो
जींद। नगराधीश सत्यवान सिंह मान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह सीएम विंडो पर दर्ज शिकायतों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करना सुनिश्चित करें। इस कार्य में किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने शिकायतों के समाधान के लिए 19 जून तक का अधिकारियों को समय दिया है। यह आदेश नगराधीश ने लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित अधिकारियों की एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री शिकायत निवारण खिड़की पर दर्ज एक-एक शिकायत को लेकर समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि कई शिकायतें ऐसी हैं जो काफी लम्बे समय से सीएम विंडो पर दर्ज हैं। इनकी वजह से जिले के प्रदर्शन पर नकारात्मक असर पड़ रहा है। कुछ दिन पहले तक जींद जिला सीएम विंडो पर आई शिकायतों के समाधान के मामले में प्रदेश में सातवें स्थान पर था, लेकिन अब 15वें नंबर पर चला गया है। यह अधिकारियों की सीएम विंडो की शिकायतों के प्रति नकारात्मक रुख को दिखाता है।
सोशल मीडिया की शिकायतों का समाधान हो दो दिन में
नगराधीश ने प्रधानमंत्री पोर्टल तथा सोशल मीडिया पर दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर जो शिकायतें दर्ज की जाती हैं, उनका समाधान दो दिन में करना होता है। इसलिए जो भी शिकायतें सोशल मीडिया पर दर्ज हुई हैं उनका समाधान तुरंत करवाएं। अगर सोशल मीडिया पर शिकायत का समाधान नहीं हो सकता है तो संबंधित व्यक्ति से संपर्क कर उसे उचित सलाह दें। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि अधिकाधिक लोगों के मोबाइलों में स्वच्छता एप डाउनलोड करवाएं ताकि लोग कहीं भी गंदगी/कूड़ा कर्कट देखें तो इसकी शिकायत एप के माध्यम से दर्ज करवा सकें। बैठक में सभी खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी तथा लगभग सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।