अमर उजाला ब्यूरो
जींद।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की रैली में पहली बार स्नाइपर्स की व्यवस्था की गई है। यही नहीं हवाई हमले जैसी स्थिति से निपटने के लिए भी प्रबंध किए गए हैं। शाह के काफिले के साथ-साथ मंच व रैली स्थल पर स्नाइपर्स तैनात रहेंगे। स्नाइपर्स पहचान छिपा कर रैली स्थल पर रहेंगे। ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रभाव से एक्शन लिया जा सके।
पुलिस-प्रशासन ने भाजपा अध्यक्ष की रैली में सुरक्षा-व्यवस्था बारीकी से तैयारी की हैं। इनेलो व कांग्रेस पार्टी द्वारा किए गए विरोध के एलान के बीच पुलिस ने शहर में 10 लिफ्टिंग टीमों का गठन किया है। जो किसी भी संदिग्ध व्यक्ति को काबू में कर लेंगी। प्रत्येक टीम में 5 अधिकारियों व कर्मचारियों को शामिल किया गया है। मुख्य रुप से मंच के चारों ओर व शाह के रूट पर यह टीम नजर रखेगी।
पुलिस-प्रशासन का मुख्य जोर इस बात पर रहेगा कि शहर में किसी भी स्थिति मेें जाम ना लगे। इसके लिए 12 रुटों पर एंबुलेंस के साथ पुलिस की टीम व एक ड्यूटी मैजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। जो गश्त पर रहेंगे। ऐसा रुट-प्लान बनाया गया है कि बाइकर्स को शहर के अंदर ना जाना पड़े। छह जैमर्स भी लगाए गए हैं।
प्रशासन ने यह भी प्लान किया है कि यदि किसी रुट पर जाम लग जाता है तो ऐसे में वैकल्पिक रूट क्या रहेगा। इन रूटों को भी खाली रखा जाएगा।
वीआईपी के लिए बनाया गया है सेफ हाउस
यदि कोई अप्रिय घटना होती है तो वीआईपी की सुरक्षा के लिए सेफ हाउस बनाए गए हैं।
---नसीब सैनी---