19जेएनडी31-बस स्टैंड परिसर में खड़े यात्री। संवाद
जींद। पालवां गांव में रविवार को आयोजित संत शिरोमणि धन्ना भगत की जयंती पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें मुख्य अतिथि के तौर पर मुख्यमंत्री नायब सैनी शिरकत करेंगे। कार्यक्रम में जाने वाले लोगों को ले जाने के लिए 206 बसें जाएंगी। इसमें 106 बसें जींद डिपो से और बाकी बसें भिवानी और रोहतक डिपो से मांगी गई हैं।
ऐसे में रविवार को जींद से अल सुबह चंडीगढ़, दिल्ली और गुरुग्राम के साथ-साथ अन्य लोकल रूट पर भी यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। जींद डिपो में इस समय रोडवेज बसों की संख्या 168 हैं और परिवहन समिति की बसों की संख्या 162 है। हालांकि लोकल रूट पर यात्रियों को प्राइवेट बसों का सहारा रहेगा। जबकि जींद डिपो की बसों में हर रोज लगभग 16 हजार यात्री सफर करते हैं। जिससे डिपो को एक दिन में लगभग 12 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त होता है।
सरकार को चाहिए कि रोडवेज के बेड़े में बसों की संख्या बढ़ाई जाए, जिससे युवाओं को स्थाई रोजगार मिल सके और साथ ही लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिल जाए। इस तरह के कार्यक्रमों में रोडवेज बसों का प्रयोग करने से अन्य रूट पर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
-संदीप रंगा, राज्य उपप्रधान, हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ।
जींद से 106 बस और बाकी अन्य भिवानी और रोहतक से मांगी गई हैं। जो बस बचेंगी, उनको यात्रियों की भीड़ के अनुसार चलाया जाएगा। प्रयास रहेगा कि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
-राहुल जैन, रोडवेज महाप्रबंधक जींद डिपो।