बच्चों का दाखिला करने के लिए दस्तावेज पूरा करने में अभिभावकों के छूट रहे पसीने
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। 134ए के तहत दाखिला करवाना अभिभावकों के लिए किसी परीक्षा से कम नहीं है। बच्चों का दाखिला करवाने के लिए अभिभावकों को खुद पहले एक परीक्षा से गुजरना पड़ रहा है। आलम यह है कि 134ए के तहत बच्चों के दाखिले के लिए अभिभावकों को स्कूल पंजीकरण नंबर, जन्म प्रमाण पत्र, डो मिसाइल या रेजीडेंस ऑफ हरियाणा प्रमाण पत्र, बीपीएल या ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट व वोटर कार्ड लगाना होगा। इसके साथ-साथ एक्टिव मोबाइल नंबर भी देना होगा। इन दस्तावेज को पूरा करना अभिभावकों के लिए किसी मुसीबत से कम नहीं है।
सरल केंद्र में आय व जाति प्रमाण पत्र बनवाने के लिए भीड़ लगी हुई है। आलम यह है कि अभिभावक चार-चार दिन से लाइन में खड़े हैं, लेकिन इस दौरान उनका टोकन नंबर सरल केंद्र अधिकारियों के पास तक नहीं पहुंचा। सरल केंद्र में पिछले 12 दिनों में लगभग 7200 फार्म आ चुके हैं। हर दिन लगभग 600 फार्म लेकर अभिभावक पहुंच रहे हैं, लेकिन सिर्फ 200 टोकन ही एक दिन में सरल केंद्र कर्मचारियों द्वारा लिए जाते हैं। इस प्रकार लगभग 400 अभिभावक निराशा जनक ही वापस लौट रहे हैं।
दो से तीन दिन में बनता है आय व जाति प्रमाण पत्र
आय व जाति प्रमाण पत्र बनने में दो से तीन दिन लगते हैं। पिछले 12 दिनों में सात हजार से ऊपर फार्म आ चुके हैं। इससे अधिकारियों के पसीने छूटे हुए हैं। ऐसे में सभी अभिभावकों के आय व जाति प्रमाण पत्र बना मुश्किल हैं। जितने फार्म सरल केंद्र अपडेट करता है उतने ही फार्म नगर परिषद में बनने के लिए पहुंचते हैं। इस हिसाब से पिछले 12 दिनों में सिर्फ 2400 फार्म ही नगर परिषद के पास आगामी कार्रवाई के लिए पहुंचे हैं। इसके बाद आय व जाति प्रमाण पत्र बनने में दो से तीन दिन का समय लगा है। इस प्रकार इन 2400 फार्म में से आधे भी बन जाए तो गनीमत होगी।
एक दिन में 200 आवेदन ही हो सकते हैं स्वीकार
एक दिन में 200 आवेदन ही स्वीकार हो सकते हैं। वहीं कार्यालय की काम करने की समय अवधि भी निश्चित है। जाति व आय प्रमाण पत्र ऑनलाइन बन रहे हैं। जिलेभर में सीएससी केंद्र खुुले हुए हैं। अभिभावक अपनी सुविधा के लिए सीएससी केंद्र पर जाकर अप्लाई करें। फिर भी अभिभावकों की मदद के लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है।
एमचेड बदर, जिला सूचना अधिकारी