केरल बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आएं संगठन और लोग : डीसी
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। डीसी अमित खत्री ने केरल में आपदा प्रभावी लोगों की मदद के लिए जिला वासियों से आह्वान किया है कि वह संकट की घड़ी में मानवता के नाते केरल के लोगों की मदद करने के लिए आगे आए। बाढ़ से केरल में भारी तबाही होने के कारण वहां के लोग संकट की घड़ी में हैं। मानवता के नाते संकट में लोगों का सहयोग करना जनसेवा है। डीसी ने लघु सचिवालय में अधिकारियों एवं स्वयं सेवी संगठनों की बैठक लेकर यह बात कही। इस अवसर पर जींद, सफीदों, नरवाना व उचाना की एसडीएम मौजूद रहे।
डीसी अमित खत्री ने लोगों के सहयोग की अपील करते हुए कहा कि जींद के लोगों ने नेपाल में आए भूकंप के दौरान भी आर्थिक मदद व जीवनों उपयोगी वस्तुएं भेजकर प्रभावित लोगों की सहायता के लिए अपना हाथ बढ़ाया था। इस काम में जींद के आम नागरिक, स्वयंसेवी संस्थाओं का भी सराहनीय सहयोग रहा। इस बार बाढ़ ने केरल के लोगों को बुरी तरह से प्रभावित किया है। डीसी ने बताया कि बाढ़ प्रभावित केरल के लोगों को गारमेंट्स, महिलाओं के पहनने के कपड़े, पुरुषों, बच्चों के लिए तौलिया, चादरें, छोटी टार्च, बेड सीट, दरी, धोती, साड़ी, हवाई चप्पल, छोटी बैटरियां जैसी चीजों की अधिक जरूरत है। उन्होंने कहा कि इन सभी आइटमों के 15-15 किलोग्राम में पैकिंग करके भिजवाया जाएगा।
24 अगस्त को भेजी जाएगी पहली खाप
डीसी ने कहा कि केरल के लोगों के लिए रोजमर्रा के प्रयोग में आने वाली इन चीजों के 15-15 किलोग्राम की पैकिंग कर भिजवाई जाएगी। इस सामान से भरा ट्रक 24 अगस्त को जींद से रवाना होगा।
यह बनाए गए हैं संग्रह केंद्र
डीसी ने बताया कि केरल के लोगों की सहायता के लिए जींद के एकलव्य स्टेडियम में संग्रह केंद्र बनाया गया है। यहां पर लोग सहायता के लिए सामान जमा करवा सकते हैं। इसी प्रकार सफीदों में तीर्थ के पास हाल में राहत सामग्री के लिए संग्रह केंद्र, नरवाना में नवद्वीप स्टेडियम में, उचाना की अनाज मंडी में संग्रह केंद्र बनाए गए हैं।
अधिकारी और कर्मचारी दें अपना एक दिन का वेतन
डीसी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी अपना एक दिन का वेतन बाढ़ प्रभावी लोगों की मदद के लिए देने के लिए कहा है।